Noida Green Initiative: कबाड़ से सजी सोसाइटी, महिलाओं ने बनाया रंगों और हरियाली का संसार

Noida Green Initiative: कबाड़ से सजी सोसाइटी, महिलाओं ने बनाया रंगों और हरियाली का संसार
नोएडा की हाईराइज सोसाइटियों में रहने वाली महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अनोखी पहल करते हुए कबाड़ के सामान से हरियाली और सुंदरता का नया संसार खड़ा कर दिया है। वेस्ट मैनेजमेंट और रीसाइक्लिंग के जरिए सोसाइटी के खाली स्थानों को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक डिजाइन से सजाया गया है, जिससे पूरा माहौल खुशनुमा हो गया है।
Noida के सेक्टर-100 स्थित लोटस बुलेवर्ड सोसाइटी में रहने वाली महिलाओं ने इस पहल को एक मिशन के रूप में अपनाया है। यहां रहने वाली अलका वर्मा ने बताया कि सोसाइटी में बेकार पड़ी पेंट की बाल्टियों को रंगकर उनमें फूल लगाए गए हैं। इसके अलावा पुराने टायरों को डिजाइन देकर बांस के सहारे खड़ा किया गया है, जिनमें लगे फूल पूरे परिसर को आकर्षक बना रहे हैं।
सोसाइटी में कुछ जगहें ऐसी थीं जहां जमीन में पौधे लगाना संभव नहीं था। ऐसे में महिलाओं ने रचनात्मक तरीके अपनाते हुए कबाड़ के सामान को ही गार्डनिंग का माध्यम बना लिया। यही नहीं, त्योहारों के बाद छोड़े गए करवों का भी इस्तेमाल करते हुए सुंदर सजावट तैयार की गई, जिससे न केवल कचरा कम हुआ बल्कि हरियाली भी बढ़ी।
इस पहल का असर अब साफ दिखाई दे रहा है। सुबह-शाम टहलने आने वाले लोगों को यहां सकारात्मक माहौल का अनुभव होता है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी इस बदलाव से उत्साहित नजर आते हैं।
वहीं सेक्टर-76 स्थित जेएम ऑर्किड सोसाइटी में भी महिलाओं ने इसी तरह की पहल करते हुए वेस्ट मैनेजमेंट को बढ़ावा दिया है। यहां घरों से निकलने वाले कचरे का निस्तारण सोसाइटी के अंदर ही किया जा रहा है और वेस्ट मटेरियल से आकर्षक डिजाइन तैयार किए गए हैं।
महिलाओं का कहना है कि उन्होंने अपनी सोसाइटी को Indore की तर्ज पर स्वच्छ और हरा-भरा बनाने की कोशिश की है। यह पहल न सिर्फ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रही है, बल्कि शहर के अन्य लोगों को भी प्रेरित कर रही है कि वे अपने आसपास के वातावरण को बेहतर बनाने के लिए छोटे-छोटे प्रयास करें।
यह उदाहरण दिखाता है कि अगर सामूहिक प्रयास किया जाए तो कचरे को भी संसाधन में बदला जा सकता है और शहरों को अधिक स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाया जा सकता है।
Seelampur Murder Case: दिल्ली के सीलमपुर में चाय पी रहे बुजुर्ग की चाकू से हत्या, आरोपी भी घायल





