Noida accident: आंधी-बारिश के दौरान निर्माणाधीन भवन की दीवार गिरी, मलबे में दबकर ऑटो चालक की मौत

Noida accident: आंधी-बारिश के दौरान निर्माणाधीन भवन की दीवार गिरी, मलबे में दबकर ऑटो चालक की मौत

नोएडा। तेज आंधी और बारिश के दौरान ग्रेटर नोएडा के कुलेसरा गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन भवन की दीवार अचानक गिरकर पड़ोसी मकान पर आ गिरी, जिससे मलबे में दबकर एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 24 वर्षीय उमेश के रूप में हुई है, जो मूल रूप से संभल जिले के निवासी थे और कुलेसरा स्थित अलकनंदा कॉलोनी, सीआरपीएफ कैंप के पास किराये के मकान में रह रहे थे। वह ऑटो चालक के रूप में काम करते थे।

बताया गया है कि बृहस्पतिवार को उमेश अपने घर में आराम कर रहे थे। इसी दौरान तेज आंधी और बारिश के बीच पड़ोस में निर्माणाधीन इमारत की एक दीवार अचानक भरभराकर गिर गई और उनके मकान पर आ गिरी। दीवार के मलबे में दबने से उमेश गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने उन्हें मलबे से बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि निर्माणाधीन भवन में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं तथा हादसे के लिए किसी प्रकार की लापरवाही जिम्मेदार है या नहीं।

कोतवाली प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img