Noida Cyber Crime: इंजीनियर का मोबाइल फोन हैक कर खाते से 3.17 लाख रुपये निकाले

Noida Cyber Crime: इंजीनियर का मोबाइल फोन हैक कर खाते से 3.17 लाख रुपये निकाले

नोएडा। साइबर ठगों ने सेक्टर-61 निवासी एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को अपना शिकार बनाते हुए उनके मोबाइल फोन को हैक कर बैंक खाते से 3 लाख 17 हजार 500 रुपये निकाल लिए। ठगी की यह रकम गुजरात के सूरत निवासी एक व्यक्ति के क्रेडिट कार्ड में ट्रांसफर कराई गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर ठगी की जांच शुरू कर दी है।

शताब्दी विहार निवासी प्रेम रंजन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। 13 जनवरी को उनके मोबाइल फोन पर एक मैसेज आया, जिसमें उनके वाहन का चालान कटने की सूचना दी गई थी। मैसेज में चालान जमा करने के लिए एक लिंक भी दिया गया था। मैसेज को सही मानते हुए जैसे ही उन्होंने लिंक पर क्लिक किया, कुछ ही देर में उनका मोबाइल फोन हैक हो गया।

पीड़ित के अनुसार, जब तक उन्हें किसी गड़बड़ी का अहसास होता, तब तक उनके बैंक खाते से 3,17,500 रुपये निकाल लिए गए थे। खाते से पैसे निकलने की जानकारी मिलते ही उन्होंने तुरंत बैंक से संपर्क किया और राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि जिस एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड में यह रकम ट्रांसफर की गई, वह गुजरात के सूरत निवासी एक व्यक्ति के नाम पर है। जांच में यह भी पता चला कि साइबर ठगों ने पीड़ित के मोबाइल पर एपीके फाइल का लिंक भेजा था। जैसे ही पीड़ित ने लिंक पर क्लिक किया, वह फाइल मोबाइल में डाउनलोड हो गई और जालसाजों को मोबाइल की पूरी पहुंच मिल गई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के मामलों में ठग फर्जी चालान, बिजली बिल, केवाईसी अपडेट या बैंक अलर्ट के नाम पर लोगों को लिंक भेजते हैं। लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक हो जाता है और बैंकिंग ऐप्स की जानकारी ठगों के हाथ लग जाती है।

पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और ट्रांजेक्शन डिटेल, मोबाइल डेटा और बैंक रिकॉर्ड के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और इस तरह के संदेश मिलने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।

भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img