Noida Cyber Crime: हज-उमरा के सस्ते पैकेज का झांसा देकर 46 लाख की ठगी, बीटेक पास आरोपी गिरफ्तार

Noida Cyber Crime: हज-उमरा के सस्ते पैकेज का झांसा देकर 46 लाख की ठगी, बीटेक पास आरोपी गिरफ्तार

नोएडा साइबर क्राइम थाना पुलिस ने हज और उमरा यात्रा के नाम पर लोगों से साइबर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को सस्ते पैकेज, तत्काल वीजा और आकर्षक ऑफर का लालच देकर लाखों रुपये ठगता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड और ठगी से जुड़े अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर 23 जून 2026 को कार्रवाई करते हुए आरोपी तसलीम साद पुत्र जाकिर हुसैन को ग्रेटर नोएडा वेस्ट से गिरफ्तार किया गया। आरोपी बरेली के थाना बारादरी क्षेत्र स्थित कृष्णा एन्कलेव का रहने वाला है। जांच में पता चला कि आरोपी बीटेक (ईसी) शिक्षित है और तकनीकी जानकारी का इस्तेमाल साइबर ठगी के लिए करता था। वह हज और उमरा के लिए विदेश भेजने के नाम पर लोगों से संपर्क करता था। इसके बाद सस्ते पैकेज, तत्काल वीजा और विशेष ऑफर का झांसा देकर उनसे पैसे जमा कराता था। पुलिस ने बताया कि आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड, दो एटीएम कार्ड, बैनर और डाटा डायरी बरामद की गई है। बरामद सामान की जांच की जा रही है, जिससे ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके। 6 राज्यों में दर्ज हैं 9 शिकायतें साइबर पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ देश के छह राज्यों में शिकायतें दर्ज हैं। इनमें दिल्ली, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और राजस्थान शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ कुल नौ शिकायतें दर्ज हैं, जिनमें करीब 46 लाख रुपये की धोखाधड़ी सामने आई है। पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साइबर पुलिस ने लोगों को किया अलर्ट पुलिस ने लोगों से अपील की है कि धार्मिक यात्राओं के लिए केवल अधिकृत और सरकारी मान्यता प्राप्त एजेंसियों से ही बुकिंग कराएं। सस्ते पैकेज, आकर्षक ऑफर और तत्काल वीजा के नाम पर आने वाले कॉल, मैसेज और सोशल मीडिया विज्ञापनों से सावधान रहें। पुलिस ने कहा कि किसी भी ट्रैवल एजेंसी को भुगतान करने से पहले उसकी वैधता और पंजीकरण की जांच जरूर करें। किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी जानकारी या निजी दस्तावेज साझा न करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img