Grindr App Loot: डेटिंग ऐप के जरिए लोगों को फंसाकर लूट करने वाला गैंग गिरफ्तार

Grindr App Loot: डेटिंग ऐप के जरिए लोगों को फंसाकर लूट करने वाला गैंग गिरफ्तार

नोएडा। थाना सेक्टर-113 पुलिस ने ऑनलाइन डेटिंग ऐप के जरिए लोगों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले एक संगठित गैंग का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन, कार और अन्य सामान बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से सेक्टर-76 क्षेत्र से शिवम झा, सागर ठाकुर और कमल को गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपी सेक्टर-51 होशियारपुर के रहने वाले हैं। इनके पास से 30 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, बिना नंबर प्लेट की बलेनो कार, एक चेन और दो फर्जी नंबर प्लेट बरामद की गई हैं।

जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी Grindr ऐप के जरिए लोगों से दोस्ती करते थे और फिर उन्हें सुनसान जगह पर मिलने के लिए बुलाते थे। मुलाकात के दौरान पीड़ित को कार में बैठाकर डराया-धमकाया जाता था और उनसे जबरन ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करवा कर पैसे निकलवाए जाते थे। कई मामलों में लूटपाट की घटनाएं भी सामने आई हैं।

पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी शिवम झा के खिलाफ पहले से ही लूट और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई गंभीर मामले दर्ज हैं। यह गैंग लंबे समय से सक्रिय था और नोएडा के कई थाना क्षेत्रों में वारदात को अंजाम दे चुका है।

फिलहाल थाना सेक्टर-113 में भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस गैंग के अन्य सदस्यों और इनके नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img