Noida cyber crime: क्रेडिट कार्ड बनवाने के नाम पर साइबर ठगी, सोने के गहने खरीदने वाली महिला गिरफ्तार

Noida cyber crime: क्रेडिट कार्ड बनवाने के नाम पर साइबर ठगी, सोने के गहने खरीदने वाली महिला गिरफ्तार

नोएडा। क्रेडिट कार्ड बनवाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले साइबर गिरोह के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए सेक्टर-113 थाना पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के पास से ठगी की रकम से खरीदे गए करीब 2.15 लाख रुपये के सोने के गहने और वारदात में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन बरामद किया है। गहनों के साथ ज्वेलरी स्टोर का बिल भी पुलिस के हाथ लगा है।

गिरफ्तार महिला की पहचान दिल्ली के रोहिणी निवासी 29 वर्षीय प्रियंका वत्स के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, प्रियंका अपने पति विक्रांत वत्स के साथ मिलकर साइबर ठगी को अंजाम देती थी। आरोपी दंपती सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर अलग-अलग फर्जी अकाउंट और ग्रुप बनाकर लोगों को आकर्षक क्रेडिट कार्ड ऑफर का लालच देते थे। इन ग्रुप्स के जरिए वे संभावित पीड़ितों के मोबाइल नंबर हासिल करते और फिर उनसे संपर्क करते थे।

पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला खुद को बैंक या क्रेडिट कार्ड कंपनी का प्रतिनिधि बताकर पीड़ितों से बात करती थी। भरोसा जीतने के बाद वह स्क्रीन शेयरिंग ऐप का इस्तेमाल कर पीड़ितों के मोबाइल तक पहुंच बना लेती थी। इसी दौरान वह क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग, ओटीपी, पिन और अन्य गोपनीय जानकारियां हासिल कर लेती थी। इन जानकारियों का इस्तेमाल कर आरोपी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से सोने के गहने खरीदती थी।

ठगी से खरीदे गए गहनों की डिलीवरी ज्वेलरी स्टोर पर करवाई जाती थी, जहां आरोपी महिला खुद जाकर गहने प्राप्त कर लेती थी। पुलिस पूछताछ में यह भी चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि वीडियो कॉल के दौरान अपनी पहचान छिपाने के लिए प्रियंका मोबाइल के फ्रंट कैमरे पर बिंदी चिपका लेती थी, जिससे उसका चेहरा साफ नजर न आए और पहचान न हो सके।

सेक्टर-113 थाना पुलिस ने आरोपी महिला को सेक्टर-119 क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस अब उसके पति और इस साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और कई लोगों को अपना शिकार बना चुका है।

पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर खुद को बैंक या कस्टमर केयर अधिकारी बताने वालों पर भरोसा न करें। स्क्रीन शेयरिंग ऐप का इस्तेमाल किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर बिल्कुल न करें। सोशल मीडिया पर दिखने वाले क्रेडिट कार्ड, लोन या कैशबैक जैसे ऑफर्स से सतर्क रहें और अपनी ओटीपी, पासवर्ड, सीवीवी या पिन किसी के साथ साझा न करें। किसी भी तरह की साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क करें।

Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img