Noida Cyber Crime: बैंक कर्मी बनकर ठगे 6 लाख रुपये, खाते से उड़ाई रकम
नोएडा। साइबर जालसाजों ने बैंक कर्मचारी बनकर एक कंपनीकर्मी से गोपनीय जानकारी हासिल कर करीब 6 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामला सामने आने के बाद पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
दादरी की एस्कोर्ट कॉलोनी निवासी सरजीत सिंह ने शिकायत में बताया कि वह फेज-2 स्थित एक शीशा निर्माण कंपनी में काम करते हैं। 24 अगस्त 2025 की रात उन्हें एक अज्ञात नंबर से कॉल आई, जिसमें कॉलर ने खुद को बैंक कर्मचारी बताया और जरूरी अपडेट के नाम पर जानकारी मांगी।
बातचीत के दौरान जालसाज ने धोखे से उनके बैंक खाते की गोपनीय जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद कुछ ही देर में उनके एक खाते से 5 लाख 49 हजार रुपये और दूसरे खाते से करीब 57 हजार रुपये निकाल लिए गए। कुल मिलाकर ठगों ने 6 लाख रुपये से अधिक की रकम उड़ा ली।
पीड़ित ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद उन्हें शिकायत नंबर भी जारी किया गया, लेकिन अब तक रकम की रिकवरी नहीं हो सकी है। मामले में कई अलग-अलग खातों में पैसे ट्रांसफर होने की जानकारी भी सामने आई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और संबंधित बैंक खातों व ट्रांजैक्शन डिटेल्स के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। साथ ही लोगों को आगाह किया गया है कि वे किसी भी अनजान कॉल पर अपनी बैंकिंग जानकारी साझा न करें।



