Noida Crime: कुत्तों को खाना खिला रही महिला से छेड़छाड़, फॉर्च्यूनर सवार युवकों पर केस दर्ज

Noida Crime: कुत्तों को खाना खिला रही महिला से छेड़छाड़, फॉर्च्यूनर सवार युवकों पर केस दर्ज

नोएडा: कोतवाली सेक्टर-113 क्षेत्र में कुत्तों को खाना खिला रही एक महिला के साथ कथित छेड़छाड़ और अभद्रता का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि कार सवार युवकों ने उसके साथ अश्लील टिप्पणियां कीं, अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सेक्टर-113 थाना क्षेत्र की एक सोसाइटी में रहने वाली महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 13 जून की सुबह वह सोसाइटी के पास कुत्तों को खाना खिला रही थीं। इसी दौरान वहां सफेद रंग की एक फॉर्च्यूनर कार पहुंची, जिसमें दो युवक सवार थे।

महिला का आरोप है कि दोनों युवक नशे की हालत में थे और उन्होंने आते ही उसके ऊपर अश्लील टिप्पणियां करना शुरू कर दिया। आरोप है कि युवकों ने महिला को देखकर गंदे इशारे किए और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।

महिला ने बताया कि उसने युवकों की हरकतों को नजरअंदाज किया, लेकिन इसके बाद भी आरोपी नहीं रुके। आरोप है कि दोनों युवक कार रोककर उसका पीछा करने लगे। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।

शिकायत के मुताबिक, कुछ देर बाद आरोपी दोबारा कार लेकर मौके पर पहुंचे और तेज रफ्तार में वाहन चलाकर वहां मौजूद लोगों को डराने का प्रयास किया। घटना के बाद महिला ने पुलिस से शिकायत की।

एसीपी राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर कोतवाली सेक्टर-113 में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए जांच कर रही है। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद ली जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी लोगों में चिंता देखी जा रही है।

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img