Noida crime: गाली-गलौज का विरोध करना पड़ा भारी, पति ने पत्नी को चाकू से किया लहूलुहान, आरोपी गिरफ्तार

Noida crime: गाली-गलौज का विरोध करना पड़ा भारी, पति ने पत्नी को चाकू से किया लहूलुहान, आरोपी गिरफ्तार

नोएडा के सेक्टर-10 स्थित जेजे कॉलोनी में घरेलू विवाद ने उस समय खौफनाक रूप ले लिया, जब गाली-गलौज का विरोध करने पर एक पति ने अपनी ही पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। यह सनसनीखेज घटना शनिवार दोपहर की है, जब पति-पत्नी के बीच मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसा में बदल गई। आरोपी पति ने बच्चों के सामने ही पत्नी को चाकू से गोद दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। गंभीर हालत में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

पीड़िता आरती देवी ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति प्रवीन कुमार उर्फ पिंटू और बच्चों के साथ सेक्टर-10 की जेजे कॉलोनी में रहती है। पति के साथ उसका अक्सर घरेलू बातों को लेकर झगड़ा होता रहता था। 27 दिसंबर को दोपहर करीब ढाई बजे पति ने फिर से घरेलू मुद्दों को लेकर विवाद शुरू कर दिया और बच्चों के सामने ही गाली-गलौज करने लगा। पीड़िता ने जब इसका विरोध किया और बच्चों की मौजूदगी में अभद्र भाषा न बोलने को कहा, तो पति आपे से बाहर हो गया।

आरोप है कि गुस्से में प्रवीन कुमार ने घर में रखा स्टैंसिल चाकू उठाया और पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। आरोपी ने महिला की पीठ पर कई बार चाकू से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुका था। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

महिला की हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल से उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही फेज-वन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया और उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि घरेलू हिंसा के इस गंभीर मामले में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है। यह घटना एक बार फिर घरेलू विवादों में बढ़ती हिंसा और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img