Noida Extortion Attack रंगदारी नहीं देने पर ढाबा संचालक पर जानलेवा हमला, धारदार हथियार से किया वार
Noida Extortion Attack रंगदारी नहीं देने पर ढाबा संचालक पर जानलेवा हमला, धारदार हथियार से किया वार
नोएडा के बादलपुर कोतवाली क्षेत्र में रंगदारी नहीं देने पर ढाबा संचालक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने ढाबे पर पहुंचकर संचालक के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने नामजद आरोपी समेत तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, डेरी मच्छा गांव निवासी रिंकू जीटी रोड स्थित प्रधान ढाबा का संचालन करते हैं। पीड़ित ने शिकायत में बताया कि 29 अप्रैल को बढ़पुरा गांव निवासी आदित्य ने व्हाट्सएप कॉल कर उससे 2.5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। जब रिंकू ने पैसे देने से इनकार कर दिया तो आरोपी ने उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
बताया जा रहा है कि 6 मई की रात रिंकू अपने ढाबे के काउंटर पर बैठा हुआ था। इसी दौरान आदित्य अपने तीन साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि आते ही बदमाशों ने रिंकू पर हमला कर दिया और उसके सिर पर धारदार हथियार से वार किया। अचानक हुए हमले में रिंकू गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ हो गया।
घटना के दौरान ढाबे पर अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल रिंकू को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
मामले की जानकारी मिलने पर बादलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अमित कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर नामजद आरोपी आदित्य और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी पहले से किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल रहे हैं या नहीं। इलाके में हुई इस वारदात के बाद स्थानीय व्यापारियों और ढाबा संचालकों में दहशत का माहौल है।





