Noida Crime: महागुन मार्ट में मामूली विवाद के बाद सैलूनकर्मी पर कैंची से हमला करने का आरोप, दो लोग घायल
नोएडा। सेक्टर-113 थाना क्षेत्र के सेक्टर-78 स्थित महागुन मार्ट में मामूली विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एक सैलूनकर्मी ने युवक पर कैंची से कई वार कर दिए। बीच-बचाव करने पहुंचे पीड़ित के दोस्त को भी चोट आई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गढ़ी चौखंडी निवासी राजरतन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह चार सितंबर को किसी काम से सेक्टर-78 स्थित महागुन मार्ट गए थे। इसी दौरान वहां काम करने वाले सैलूनकर्मी अश्वनी से किसी बात को लेकर उनका विवाद हो गया। शुरुआत में हुई कहासुनी कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई।
राजरतन का आरोप है कि विवाद के दौरान अश्वनी ने कैंची से उनकी कमर पर कई बार वार कर दिया। अचानक हुए हमले के दौरान राजरतन के मित्र आदित्य ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उन्हें भी चोट लग गई।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि हमले के दौरान आरोपी ने उनके साथ गाली-गलौज भी की। इसके साथ ही उन्हें जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के बाद पीड़ित ने सेक्टर-113 थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और आरोपी के खिलाफ शिकायत दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


