Noida Crime: शराब और खर्च को लेकर कहासुनी में दोस्त ने किया ईंट से हमला, युवक की मौत

Noida Crime: शराब और खर्च को लेकर कहासुनी में दोस्त ने किया ईंट से हमला, युवक की मौत

नोएडा के ईकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र के हबीबपुर गांव में सोमवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहाँ बचपन के दोस्त ने विवाद के दौरान युवक के सिर पर ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी। मृतक विक्रम और आरोपी सौरभ दोनों अलीगढ़ जिले के रहने वाले थे और नोएडा में एक साथ किराए पर कमरा लेकर रहते थे। दोनों स्पार्क मिंडा कंपनी में अस्थायी कर्मचारी के रूप में काम कर रहे थे।

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 9:30 बजे दोनों के बीच शराब को लेकर विवाद बढ़ गया। विक्रम ने सौरभ को रोज शराब पीने और जरूरत से ज्यादा पैसे खर्च करने के लिए टोका था। इसके साथ ही विक्रम ने सौरभ की निजी जिंदगी पर टिप्पणी कर दी, जो उसके गुस्से का कारण बनी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पत्नी उसकी शराब पीने की आदत से परेशान होकर शादी के छह महीनों के भीतर ही उसे छोड़कर चली गई थी। इसी बात को लेकर विक्रम की टिप्पणी ने विवाद को और उग्र कर दिया।

गुस्से से तिलमिलाए सौरभ ने कमरे में पड़ी ईंट उठाकर विक्रम के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कमरे का दरवाजा बंद करके वहां से भाग गया। अगले दिन रात में मकान मालिक को कमरे से दुर्गंध आने पर शक हुआ और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे में विक्रम का शव बरामद किया।

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी सौरभ वारदात के बाद अपने अलीगढ़ स्थित गांव भाग गया था और रास्ते में कई लोगों को हत्या की बात भी बताई, लेकिन किसी ने उसकी बात पर विश्वास नहीं किया। पुलिस ने बुधवार रात न्यू हॉलैंड चौराहे से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल ईंट को भी बरामद कर लिया है।

कोतवाली प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि आरोपी पहले नशा मुक्ति केंद्र भी जा चुका है, लेकिन वहां से भाग आया था। फिलहाल आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

‘कोटा फैक्ट्री’ सीजन 3: जितेंद्र कुमार की दमदार ड्रामा नेटफ्लिक्स पर आएगी, रिलीज डेट सामने आई

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img