Noida Crime: पिता की हत्या के बाद मेट्रो के आगे कूदा 16 वर्षीय बेटा, मौत से पहले कमरे में दी श्रद्धांजलि
नोएडा। नोएडा के फेज-3 थाना क्षेत्र में एक बेहद सनसनीखेज घटना सामने आई है। 16 वर्षीय किशोर ने कथित तौर पर सोते समय अपने 45 वर्षीय पिता की हत्या कर दी और इसके कुछ घंटे बाद मेट्रो ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पिता की ओर से बेटे के बाहर आने-जाने पर लगाई गई पाबंदियों और पढ़ाई छुड़ाए जाने से वह परेशान था। घटना के बाद किशोर ने खून से सने कपड़े बदले, कमरे में पिता की तस्वीर रखकर उस पर माला चढ़ाई और श्रद्धांजलि देने के बाद कमरे में ताला लगाकर वहां से निकल गया।
पुलिस के मुताबिक, किशोर अपने पिता राजू शर्मा के साथ नोएडा में रहता था, जबकि उसकी मां अलग रहती थी। बुधवार 12 अगस्त की सुबह करीब 7 बजे किशोर ने मेट्रो ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। मौके पर पहुंची पुलिस को उसके बैग से पिता का मोबाइल फोन और कमरे की चाबी मिली।
मोबाइल में उसकी मां रूबी का नंबर सेव था। पुलिस ने नंबर पर संपर्क कर उन्हें मौके पर बुलाया। कुछ देर बाद किशोर की मां मौके पर पहुंचीं और उन्होंने शव की पहचान अपने बेटे के रूप में की। इसके बाद राजू शर्मा के भाई अरुण शर्मा भी वहां पहुंचे।
अरुण शर्मा ने पुलिस को बताया कि राजू शर्मा भी लापता हैं। इसके बाद पुलिस को शक हुआ कि दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध हो सकता है। पुलिस मां और चाचा को साथ लेकर उस कमरे पर पहुंची जहां राजू शर्मा अपने बेटे के साथ रहते थे। कमरे पर ताला लगा हुआ था। किशोर के बैग से मिली चाबी से दरवाजा खोला गया।
दरवाजा खुलते ही कमरे से तेज बदबू आ रही थी। अंदर जांच करने पर राजू शर्मा का शव मिला। शुरुआती जांच में सामने आया कि उनकी हत्या की गई थी। कमरे की दीवारों पर खून के धब्बे मिले। इसके अलावा वहां किशोर के खून से सने कपड़े भी बरामद हुए।
पुलिस ने घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने कमरे से खून के नमूने और अन्य साक्ष्य जुटाए। खून से सने कपड़ों को भी जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या किस तरीके से और किस परिस्थिति में की गई।
पिता की रोक-टोक से परेशान था किशोर
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि राजू शर्मा अपने बेटे के बाहर आने-जाने को लेकर काफी सख्ती बरतते थे। उन्होंने बेटे पर कई तरह की पाबंदियां लगा रखी थीं। बताया गया है कि 11वीं कक्षा के बाद उसकी पढ़ाई भी छुड़ा दी गई थी।
परिवार के मुताबिक, इन परिस्थितियों के कारण किशोर काफी परेशान और मायूस रहता था। पुलिस को आशंका है कि इसी तनाव के चलते उसने बुधवार तड़के पिता की हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद भी आत्महत्या कर ली।
हत्या के बाद किशोर ने कथित तौर पर अपने खून से सने कपड़े उतारकर साफ कपड़े पहने। इसके बाद कमरे में पिता की फोटो लगाई और उस पर माला चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। उसने कमरे में ताला लगाया और पिता का मोबाइल तथा कमरे की चाबी अपने बैग में रख ली। इसके बाद वह मेट्रो स्टेशन पहुंचा और कुछ समय तक वहां घूमता रहा। बाद में उसने ट्रेन के आगे छलांग लगा दी।
21 साल से नोएडा में रह रहे थे राजू शर्मा
राजू शर्मा मूल रूप से झारखंड के बोकारो स्टील सिटी के रहने वाले थे। उनके पिता स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) में नौकरी करते थे। राजू शर्मा वर्ष 2005 में अपनी पत्नी के साथ नोएडा आए थे। बाद में करीब 12 साल पहले उनका पत्नी से तलाक हो गया था।
तलाक के बाद उनका इकलौता बेटा उनके साथ रहने लगा था। दोनों अजनारा सोसाइटी क्षेत्र में किराए के कमरे में रहते थे। राजू शर्मा ने एमकॉम की पढ़ाई की थी और बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने के साथ ऑनलाइन क्लास भी लेते थे। पुलिस अब परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।
पुलिस का कहना है कि मामले में फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पिता की हत्या और किशोर की आत्महत्या के बीच की परिस्थितियों की भी विस्तृत जांच की जा रही है।



