Noida Crime: कंपनी में साथी मजदूर के साथ हैवानियत, एयर कंप्रेसर पाइप डालने से युवक गंभीर, दो आरोपी गिरफ्तार

Noida Crime: कंपनी में साथी मजदूर के साथ हैवानियत, एयर कंप्रेसर पाइप डालने से युवक गंभीर, दो आरोपी गिरफ्तार
नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र स्थित एक निजी कंपनी में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां काम करने वाले एक युवक के साथ उसके दो सहकर्मियों ने कथित तौर पर ऐसी हरकत की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार यह घटना रबूपुरा क्षेत्र स्थित सूर्या ग्लोबल फ्लेक्सी फिल्म कंपनी की है। कंपनी के प्लांट हेड धर्मेंद्र सेंगर ने थाने में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि कंपनी में संविदा पर कुछ कर्मचारी साफ-सफाई का कार्य करते हैं। घटना के समय समीर नामक कर्मचारी झुककर झाड़ू लगा रहा था।
आरोप है कि उसी दौरान वहां कार्यरत दिलशाद और जीशान ने उसके साथ गंभीर और खतरनाक हरकत की। दोनों ने कथित तौर पर एयर कंप्रेसर पाइप का उपयोग किया, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। एयर प्रेशर के कारण उसके शरीर के अंदर गंभीर चोटें आईं और उसकी हालत बिगड़ गई।
घटना के बाद घायल समीर को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
थाना रबूपुरा के प्रभारी निरीक्षक श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दिलशाद और जीशान को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा और कार्यस्थल पर अनुशासन को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।




