Noida Crime: नोएडा में मुठभेड़ के बाद अंतर्राज्यीय टप्पेबाज अजय उर्फ टिंकू घायल हालत में गिरफ्तार, 10 लाख की ठगी का था मास्टरमाइंड

Noida Crime: नोएडा में मुठभेड़ के बाद अंतर्राज्यीय टप्पेबाज अजय उर्फ टिंकू घायल हालत में गिरफ्तार, 10 लाख की ठगी का था मास्टरमाइंड

रिपोर्ट: अमर सैनी

सेंट्रल नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में बीती रात पुलिस और एक कुख्यात अंतर्राज्यीय टप्पेबाज बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। यह मुठभेड़ 31 जुलाई की रात चिपियाना बुजुर्ग टी-प्वाइंट के पास हुई, जब पुलिस टीम ने रूटीन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह रुकने के बजाय तेजी से भागने लगा। बिसरख पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और दूसरी टीम से घिरते ही बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें वह घायल हो गया।

घायल आरोपी की पहचान अजय उर्फ टिंकू के रूप में हुई है, जो हरियाणा के फतेहाबाद जिले का निवासी है। पुलिस ने मौके से एक तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस, चोरी की बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल और ₹5000 नकद बरामद किए हैं। घायल हालत में अजय को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ है। अजय पर आरोप है कि उसने 1 जुलाई को बिसरख क्षेत्र में अपने साथियों लोकेश मिश्रा, पवन कुमार और संजीव कुमार के साथ मिलकर एक व्यक्ति से ₹10 लाख की ठगी की थी। इस गिरोह के तीनों अन्य सदस्य पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि अजय तब से फरार चल रहा था।

अजय केवल नोएडा में ही नहीं, बल्कि हरियाणा में भी एक लंबा आपराधिक इतिहास रखता है। उस पर आर्म्स एक्ट, डकैती, साजिश और धोखाधड़ी जैसे कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह लंबे समय से फरार चल रहा था और जगह-जगह पहचान छुपाकर ठगी और अपराध की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।

बिसरख थाना पुलिस और नोएडा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से इस कुख्यात आरोपी की गिरफ्तारी को एक बड़ी कामयाबी के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस अब अजय के पूरे नेटवर्क और इसके अन्य संभावित साथियों की तलाश में भी जुट गई है। साथ ही हरियाणा पुलिस से भी समन्वय कर अजय के विरुद्ध लंबित मामलों की जानकारी साझा की जा रही है।

भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img