Noida car Theft: नोएडा में घर के बाहर खड़ी कार से टायर और स्टेपनी चोरी, पुलिस ने दर्ज किया मामला
नोएडा। शहर में वाहन चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला सेक्टर डेल्टा-2 का है, जहां घर के बाहर खड़ी एक कार के दो टायर और स्टेपनी चोरी कर ली गई। पीड़ित को जब सुबह घटना की जानकारी हुई तो उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, सेक्टर डेल्टा-2 में रहने वाले अभिनय कुमार अपने परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि 22 जनवरी की रात उन्होंने अपनी कार रोज की तरह घर के बाहर खड़ी की थी। रात के समय अज्ञात चोर कार के पास पहुंचे और बड़ी सफाई से दो टायर और स्टेपनी निकालकर फरार हो गए। चोरी के दौरान कार को ईंटों या अन्य सहारे पर खड़ा कर दिया गया, जिससे आसपास के लोगों को किसी तरह की भनक नहीं लगी।
अगली सुबह जब अभिनय कुमार घर से बाहर निकले तो उन्होंने देखा कि उनकी कार के टायर गायब हैं। इसके बाद उन्होंने तुरंत सूरजपुर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास का मुआयना किया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर घटना का खुलासा किया जाएगा। वहीं, स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है और उन्होंने इलाके में रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है।
भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे


