Noida Cafe Fire: नोएडा के कैफे में भीषण अग्निकांड से युवक की मौत, संचालक व ठेकेदार पर दर्ज हुआ केस
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा स्थित थाना सेक्टर-126 क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रायपुर गांव के पास एक कैफे में भीषण आग लगने का मामला सामने आया है। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसकी बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों की लिखित शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में कैफे संचालक और ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताबिक यह हादसा 24 अक्टूबर की शाम को रायपुर गांव के पास स्थित नोक्लुज कैफे में हुआ। उस समय कैफे परिसर के भीतर और फूड स्टॉल पर मरम्मत, फिनिशिंग और बिजली की फिटिंग का काम तेजी से चल रहा था।
सरस्वती कुंज, चिपियाना खुर्द, तिगरी के रहने वाले दलीप चंद्र का बेटा साहिल शर्मा वहां अन्य कामगारों के साथ काम में जुटा हुआ था। इसी बीच अचानक संदिग्ध हालात में आग भड़क उठी। देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप ले लिया और नोक्लुज कैफे में लगी आग की लपटों ने आसपास मौजूद करीब आधा दर्जन अन्य दुकानों और कैफे को अपनी चपेट में ले लिया। आग तेजी से फैलने के कारण वहां मौजूद साहिल शर्मा लपटों से बचकर भागने में नाकाम रहा और बुरी तरह झुलस गया। आनन-फानन में उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
इस दर्दनाक मौत के बाद मृतक के पिता दलीप चंद्र ने थाना सेक्टर-126 में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया कि कैफे में निर्माण और बिजली फिटिंग के दौरान आवश्यक सुरक्षा मानकों और अग्निशमन नियमों की घोर अनदेखी की गई थी। इसी लापरवाही के कारण यह भीषण अग्निकांड हुआ और उनके बेटे की जान चली गई। उन्होंने संचालक व काम कराने वाले ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। थाना सेक्टर-126 के प्रभारी निरीक्षक सोमनेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और फॉरेंसिक तथा पुलिस टीमें घटना के कारणों की गहन जांच कर रही हैं।





