Greater Noida Bus : नोएडा-ग्रेनो डिपो की बसों में होगा AI का इस्तेमाल, चालक को झपकी आने पर तुरंत मिलेगा अलर्ट
नोएडा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा डिपो की बसों में जल्द ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित तकनीक का इस्तेमाल शुरू किया जाएगा। इस नई तकनीक का उद्देश्य सड़क सुरक्षा बढ़ाना, हादसों को रोकना और बस संचालन को अधिक स्मार्ट बनाना है। अधिकारियों के मुताबिक केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय ने उत्तर प्रदेश में डिपो मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने को मंजूरी दे दी है और एआई आधारित डिपो प्रबंधन लागू करने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य बनेगा।
नई व्यवस्था के तहत रोडवेज बसों में उन्नत AI कैमरे लगाए जाएंगे। यदि बस चलाते समय चालक को झपकी आती है, वह सोने लगता है या तय गति सीमा से अधिक स्पीड में वाहन चलाता है, तो सिस्टम तुरंत अलर्ट जारी करेगा। इससे संभावित दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी और यात्रियों की सुरक्षा बेहतर होगी।
अधिकारियों के अनुसार एआई तकनीक केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि बसों के रखरखाव और संचालन को भी स्मार्ट बनाएगी। डिपो मैनेजमेंट सिस्टम के जरिए यह पता लगाया जा सकेगा कि किस बस की कब सर्विसिंग होनी है, किस डिपो पर संसाधनों का दबाव अधिक है और ईंधन व मेंटेनेंस लागत कहां कम की जा सकती है।
इसके अलावा डिजिटल कमांड और कंट्रोल सिस्टम के जरिए बसों की लाइव मॉनिटरिंग भी की जाएगी। इससे बसों के संचालन में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ेगी। अधिकारियों का कहना है कि इससे बसों का वर्कशॉप में खड़ा रहने का समय कम होगा और यात्रियों को बेहतर सेवा मिल सकेगी।
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम गौतमबुद्ध नगर के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि इस योजना को लागू करने के लिए मुख्यालय से विस्तृत दिशा-निर्देश मिलने का इंतजार किया जा रहा है। निर्देश मिलते ही नोएडा और ग्रेटर नोएडा डिपो में इस तकनीक पर काम शुरू कर दिया जाएगा।



