Noida: बार में जबरन घुसपैठ, गाली-गलौज और धमकी, बिना बिल चुकाए फरार हुए आरोपी

Noida: बार में जबरन घुसपैठ, गाली-गलौज और धमकी, बिना बिल चुकाए फरार हुए आरोपी

नोएडा के नॉलेज पार्क-2 स्थित ला फिएर्टे रेस्ट्रो बार में शनिवार रात उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब कुछ युवकों ने निजी पार्टी के दौरान जबरन प्रवेश कर अभद्रता की और बिना बिल चुकाए वहां से चले गए। इस मामले में बार प्रबंधन की शिकायत पर नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बार के मैनेजर राजीव तेवतिया ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार को बार परिसर में वीवो कंपनी की ओर से पहले से बुक की गई एक निजी पार्टी चल रही थी। पार्टी के चलते बार में सीमित प्रवेश था और बाहर से आने वाले लोगों को पहले ही सूचित किया जा रहा था कि कार्यक्रम निजी है। इसी दौरान एनीटाइम फिटनेस जिम का मैनेजर आकाश कसाना अपने कुछ साथियों के साथ जबरन बार के अंदर घुस आया। स्टाफ ने उन्हें स्पष्ट रूप से बताया कि बार में निजी कार्यक्रम चल रहा है और फिलहाल बैठने की अनुमति नहीं है।

आरोप है कि मना किए जाने के बावजूद आकाश कसाना और उसके साथी नहीं माने और कंपनी द्वारा पहले से बुक की गई टेबल पर जाकर बैठ गए। जब बार के मैनेजर, स्टाफ और बाद में बार मालिक ने भी विनम्रता से उनसे वहां से उठने और कार्यक्रम में बाधा न डालने का अनुरोध किया, तो स्थिति और बिगड़ गई। आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और स्टाफ के साथ बदसलूकी की। मैनेजर का कहना है कि आकाश कसाना और उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक ने स्टाफ और बार मालिक को जान से मारने की धमकी भी दी।

हंगामे के दौरान बार का माहौल पूरी तरह खराब हो गया। तेज आवाज में गाली-गलौज और धमकियों से अंदर मौजूद ग्राहक भयभीत हो गए, जबकि कई ऐसे ग्राहक जिन्होंने पहले से बुकिंग करा रखी थी, वे बिना अंदर गए ही लौट गए। इस पूरी अव्यवस्था के बीच आरोपी बार में खाना-पीना करने के बाद 15,673 रुपये का बिल चुकाए बिना ही वहां से फरार हो गए।

बार प्रबंधन ने पुलिस को बताया कि पूरी घटना बार में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है और फुटेज जांच के लिए उपलब्ध कराई जा रही है। नॉलेज पार्क कोतवाली प्रभारी सर्वेश चंद्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ममूटी ने कहा कि उन्हें ‘मेगास्टार’ की उपाधि पसंद नहीं है, उन्हें लगता है कि उनके जाने के बाद लोग उन्हें याद नहीं रखेंगे

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img