Noida Accident: नोएडा में घने कोहरे का कहर, ईस्टर्न पेरीफेरल हाईवे पर 20 गाड़ियां आपस में भिड़ीं, 10 लोग घायल

Noida Accident: नोएडा में घने कोहरे का कहर, ईस्टर्न पेरीफेरल हाईवे पर 20 गाड़ियां आपस में भिड़ीं, 10 लोग घायल

ग्रेटर नोएडा के ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह घने कोहरे ने बड़ा हादसा करा दिया। अत्यधिक कम दृश्यता के कारण दो अलग-अलग स्थानों पर हुए भीषण सड़क हादसों में कुल 20 गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इन दुर्घटनाओं में 10 लोग घायल हो गए, जिन्हें पुलिस और एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पहला हादसा गलगोटिया यूनिवर्सिटी के पास हुआ, जहां कोहरे के कारण एक के बाद एक 12 वाहन आपस में भिड़ गए। वहीं दूसरा हादसा दादोपुर गांव के पास हुआ, जहां 8 गाड़ियों की टक्कर हो गई। दोनों ही स्थानों पर दृश्यता बेहद कम थी, जिससे वाहन चालकों को आगे चल रहे वाहनों का अंदाजा नहीं लग पाया और तेज रफ्तार में ब्रेक न लग पाने के कारण यह दुर्घटनाएं हुईं।

पुलिस के अनुसार, अधिकतर वाहन पलवल की ओर से ग्रेटर नोएडा की दिशा में आ रहे थे। कोहरे की वजह से हाईवे पर विजिबिलिटी कुछ मीटर तक सिमट गई थी। इसी दौरान अचानक ब्रेक लगने और नियंत्रण खोने से कई वाहन एक-दूसरे से टकराते चले गए। हादसे में कुछ ट्रक आलू से लदे हुए थे, जो पलट गए। इनके पलटते ही सैकड़ों किलो आलू सड़क पर बिखर गए, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

सूचना मिलते ही दनकौर थाना पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवाया। राहत की बात यह रही कि इन हादसों में किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और सड़क पर बिखरे आलुओं को साफ कराया, जिसके बाद कई घंटों की मशक्कत के बाद यातायात को आंशिक रूप से सुचारू किया जा सका।

पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि सर्दी के मौसम में घने कोहरे के दौरान विशेष सावधानी बरतें। हाईवे पर सीमित गति में वाहन चलाएं, फॉग लाइट का इस्तेमाल करें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि कोहरे के मौसम में जरा सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

 

ममूटी ने कहा कि उन्हें ‘मेगास्टार’ की उपाधि पसंद नहीं है, उन्हें लगता है कि उनके जाने के बाद लोग उन्हें याद नहीं रखेंगे

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img