Noida AAP protest: नोएडा में आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन, बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों के खिलाफ सौंपा ज्ञापन

Noida AAP protest: नोएडा में आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन, बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों के खिलाफ सौंपा ज्ञापन

नोएडा। बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर लगातार बढ़ते हमलों, मंदिरों को निशाना बनाए जाने, महिलाओं और बच्चों के साथ हो रही अमानवीय बर्बरता तथा भय के माहौल में कराए जा रहे कथित जबरन पलायन के विरोध में आम आदमी पार्टी ने रविवार को नोएडा में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया और कहा कि हिंदुओं के खून पर खामोशी अब स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रदर्शन के बाद आम आदमी पार्टी की ओर से राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन थाना सेक्टर-20 प्रभारी को सौंपा गया।

यह प्रदर्शन आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह के निर्देश पर उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में आयोजित किया गया। प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों को सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया जा रहा है, लेकिन भारत सरकार न तो कूटनीतिक दबाव बना रही है और न ही अंतरराष्ट्रीय मंचों पर इस मुद्दे को प्रभावी ढंग से उठा रही है। कार्यकर्ताओं का कहना था कि केंद्र सरकार की चुप्पी अत्याचारियों के हौसले बढ़ा रही है, जिससे बांग्लादेश में हालात लगातार और भयावह होते जा रहे हैं।

इस मौके पर जिलाध्यक्ष परशुराम चौधरी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं का खुलेआम कत्लेआम हो रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आंख मूंदकर बैठे हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल विदेश नीति की विफलता नहीं है, बल्कि मानवता के खिलाफ एक गंभीर अपराध है। जब एक ओर मंदिर जलाए जा रहे हैं और निर्दोष लोगों की हत्याएं हो रही हैं, तब दूसरी ओर भारत सरकार का मौन रहना नैतिक पतन का प्रतीक है।

जिलाध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अब भी केंद्र सरकार ने कठोर और निर्णायक कदम नहीं उठाए, तो आम आदमी पार्टी इस आंदोलन को और व्यापक तथा उग्र रूप देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे खूनखराबे, मंदिरों के विध्वंस और महिलाओं व बच्चों पर जारी बर्बरता के बीच प्रधानमंत्री की चुप्पी कोई भूल नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश है। उन्होंने दावा किया कि यह चुप्पी अडानी समूह के हजारों करोड़ रुपये के बिजली कारोबार की कीमत पर खरीदी गई है।

उन्होंने कहा कि जिस बांग्लादेश में हिंदुओं को चुन-चुनकर मारा जा रहा है, उसी बांग्लादेश को झारखंड से भारत की बिजली अडानी के माध्यम से सप्लाई की जा रही है और मुनाफे की गंगा बह रही है। आम आदमी पार्टी ने इस पर कड़ा ऐतराज जताते हुए मांग की कि बांग्लादेश के साथ सभी व्यापारिक और कूटनीतिक संबंध तत्काल समाप्त किए जाएं, भारत से दी जा रही बिजली आपूर्ति पर रोक लगाई जाए और वहां रह रहे हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों पर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img