New Delhi : केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नेशनल फिल्म अवॉर्ड को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि सरकार अब इस प्रतिष्ठित समारोह को बंद कमरों से निकालकर देश के सबसे खूबसूरत पर्यटन स्थलों तक ले जाने जा रही है। यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से लिया गया है।
मंत्री ने कहा कि इस बार नेशनल फिल्म अवॉर्ड का आयोजन गुजरात के एकता नगर में किया जा रहा है। एकता नगर आज पूरी दुनिया में सरदार पटेल की दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के कारण प्रसिद्ध है और बेहद मनोरम स्थल है। जब राष्ट्रपति और देश भर के बड़े फिल्मी कलाकार इस प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पर पहुंचेंगे तो लोगों को इस जगह के बारे में और अधिक जानने का मौका मिलेगा।
उन्होंने बताया कि सरकार का उद्देश्य नेशनल फिल्म अवॉर्ड को एक कॉन्फ्रेंस रूम से बाहर निकालकर जनता के बीच ले जाना है और टूरिज्म के जरिए इसे और आगे बढ़ाना है। उन्होंने सभी राज्यों से अपील की है कि वे अपने राज्य के सबसे अच्छे टूरिज्म डेस्टिनेशन का प्रस्ताव भेजें और वहां बेस्ट सुविधाओं के साथ 360 डिग्री डेवलपमेंट का प्लान बनाकर उसे लागू करें। जिस राज्य का प्रस्ताव चुना जाएगा, अगला नेशनल फिल्म अवॉर्ड उसी पर्यटन स्थल पर आयोजित किया जाएगा।
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जिस तरह जी20 के आयोजनों को देश के कोने-कोने और हर राज्य तक पहुंचाया, उसी सोच के साथ नेशनल फिल्म अवॉर्ड को भी देश के पर्यटन स्थलों से जोड़ा जा रहा है। फिल्म और टूरिज्म को एक साथ जोड़ने से टूरिस्ट डेस्टिनेशन को फायदा होगा और यह अवॉर्ड भी एक वास्तविक और भव्य जगह पर आयोजित हो सकेगा।


