राज्यदिल्लीराज्य

New Delhi : जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन के पास बना कूलिंग जोन, लोगों को मिलेगी हीट वेव से राहत

New Delhi : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर राजधानी में बढ़ती गर्मी और हीट वेव की स्थिति को देखते हुए जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन के पास विशेष कूलिंग जोन तैयार किया गया है। दिल्ली सरकार ने ओल्ड दिल्ली डिस्ट्रिक्ट की पहल पर इस राहत केंद्र को आम लोगों की सुविधा के लिए शुरू किया है, जहां लोगों को बैठने, ठंडा पानी पीने और गर्मी से राहत पाने की सुविधा मिलेगी।

रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल व्यवस्थाएं बनाना नहीं, बल्कि लोगों तक सीधी और वास्तविक राहत पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान बाजारों, धार्मिक स्थलों और पर्यटन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में पुरानी दिल्ली जैसे अत्यधिक भीड़भाड़ वाले इलाके में यह कूलिंग जोन लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।

उन्होंने बताया कि यह कूलिंग जोन मोबाइल हीट वाहन से अलग एक स्थायी राहत केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। यहां लगभग 70 से 80 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है ताकि राहगीर, पर्यटक, रिक्शा चालक, श्रमिक, बुजुर्ग और अन्य लोग कुछ समय रुककर गर्मी से राहत महसूस कर सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कूलिंग जोन में वाटर कूलर के माध्यम से लगातार ठंडे पानी की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही लोगों को ओआरएस युक्त पानी भी उपलब्ध कराया जा रहा है ताकि शरीर में पानी और आवश्यक लवणों की कमी न हो और हीट स्ट्रोक तथा डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से बचाव किया जा सके।

रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राजधानी के उन सभी इलाकों की पहचान की जाए जहां लोगों की अधिक आवाजाही रहती है और वहां इसी प्रकार की राहत सुविधाएं विकसित की जाएं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार हीट वेव से निपटने के लिए बहुस्तरीय रणनीति पर काम कर रही है, जिसके तहत विभिन्न जिलों में राहत सुविधाएं, पेयजल उपलब्धता, जागरूकता अभियान और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष प्रबंधन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने की संभावना को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि तेज धूप के दौरान आवश्यक सावधानी बरतें, पर्याप्त पानी पीते रहें और जरूरत पड़ने पर सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही राहत सुविधाओं का उपयोग करें।

Related Articles

Back to top button