Mera Yuva Bharat portal: माय भारत पोर्टल से जुड़े 2 करोड़ से अधिक युवा, डिजिटल सहभागिता में नया रिकॉर्ड

Mera Yuva Bharat portal: माय भारत पोर्टल से जुड़े 2 करोड़ से अधिक युवा, डिजिटल सहभागिता में नया रिकॉर्ड

नई दिल्ली। युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय ने बताया कि ‘मेरा युवा भारत’ पोर्टल के लॉन्च के बाद अब तक देशभर से 2 करोड़ से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया है। अक्टूबर 2023 में शुरू किया गया यह डिजिटल प्लेटफॉर्म युवाओं की भागीदारी, स्वैच्छिक सेवा और अनुभवात्मक सीख को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बनाया गया है। यह पहल युवाओं को सामाजिक कार्यों में सक्रिय रूप से जोड़ने और उनके कौशल विकास के अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।

माय भारत पोर्टल एक समर्पित युवा सहभागिता मंच के रूप में कार्य करता है। यहां युवा अपनी प्रोफाइल बना सकते हैं, स्वयंसेवी गतिविधियों में भाग ले सकते हैं, विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं और अन्य युवाओं के साथ नेटवर्किंग कर सकते हैं। इसके अलावा, क्विज, निबंध लेखन, सीवी निर्माण जैसी गतिविधियों के माध्यम से युवा अपने कौशल और अनुभव को निखार सकते हैं।

यह मंच न केवल युवाओं को जोड़ता है, बल्कि मंत्रालयों, संगठनों, उद्योगों और युवा क्लबों को भी डिजिटल माध्यम से कार्यक्रम आयोजित करने का अवसर प्रदान करता है। हालांकि यह प्लेटफॉर्म रोजगार या सीधे कौशल विकास का पोर्टल नहीं है, फिर भी यहां उपलब्ध अवसर युवाओं को सॉफ्ट स्किल्स, सरकारी कार्यप्रणाली की समझ, छात्रवृत्ति और उच्च शिक्षा से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने में मदद करते हैं।

राज्यवार आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक पंजीकरण उत्तर प्रदेश (करीब 2 करोड़) से हुए हैं। इसके बाद राजस्थान में 17.22 लाख, महाराष्ट्र में 13.26 लाख, मध्य प्रदेश में 12.57 लाख और तमिलनाडु में 10.62 लाख युवा पंजीकृत हुए हैं। पंजाब से कुल 5.38 लाख युवाओं ने पंजीकरण कराया, जिसमें लुधियाना, जालंधर, पटियाला और अमृतसर अग्रणी जिले रहे। यह जानकारी युवा कार्य एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में दी।

मंत्रालय ने बताया कि ‘मेरा युवा भारत’ पोर्टल न केवल युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों में जोड़ता है बल्कि उन्हें नेतृत्व, टीम वर्क और डिजिटल सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण कौशल भी विकसित करने का अवसर प्रदान करता है। पोर्टल की यह सफलता युवा भागीदारी के क्षेत्र में एक नया रिकॉर्ड स्थापित करती है और भविष्य में इसके और अधिक व्यापक प्रभाव की संभावना है।

ममूटी ने कहा कि उन्हें ‘मेगास्टार’ की उपाधि पसंद नहीं है, उन्हें लगता है कि उनके जाने के बाद लोग उन्हें याद नहीं रखेंगे

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img