Delhi Crime: एम्स हॉस्टल में डॉक्टर बनकर करती थी जूलरी चोरी, मेडिकल डिप्लोमा धारक महिला चोरनी गिरफ्तार

Delhi Crime: एम्स हॉस्टल में डॉक्टर बनकर करती थी जूलरी चोरी, मेडिकल डिप्लोमा धारक महिला चोरनी गिरफ्तार

रिपोर्ट: रवि डालमिया

दिल्ली के एम्स हॉस्टल में डॉक्टर बनकर जूलरी चोरी करने वाली एक शातिर महिला को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला मेडिकल लेबोरेट्री टेक्नोलॉजी में डिप्लोमा कर चुकी है और साइंस ग्रेजुएट है। वह गाजियाबाद के बृज विहार की रहने वाली है और उसे महंगी जूलरी पहनने का बेहद शौक है। अपनी इसी चाहत को पूरा करने के लिए उसने चोरी की राह चुन ली। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन, अंगूठी, ब्रेसलेट, बालियां, नकद रकम और विदेशी मुद्रा बरामद की है। इसके अलावा चोरी के दौरान इस्तेमाल की गई स्कूटी भी जब्त कर ली गई है।

पुलिस के अनुसार चोरी की यह वारदात 27 मार्च को हुई थी। हौज खास थाने में एक महिला डॉक्टर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एम्स के हॉस्टल रूम से उनकी कीमती जूलरी चोरी हो गई है। शिकायत मिलते ही थाना हौज खास के एसएचओ और एसीपी राजेंद्र प्रसाद के निर्देशन में एक विशेष टीम बनाई गई। इस टीम में एम्स अस्पताल चौकी इंचार्ज दीपेंद्र, एसआई बिशन, एएसआई रमेश, हेड कांस्टेबल मुकेश और कांस्टेबल दीक्षा शामिल थे।

पुलिस टीम ने जांच के दौरान हॉस्टल परिसर में लगे लगभग 100 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इनमें एक महिला डॉक्टर के सफेद कोट में हॉस्टल की गलियारों में घूमती नजर आई, जो अलग-अलग कमरों में जा रही थी। शक के आधार पर पुलिस ने सादे कपड़ों में हॉस्टल के आस-पास निगरानी शुरू की। जल्द ही संदिग्ध महिला स्कूटी से बाहर निकलती दिखाई दी, जिसकी डिटेल निकालने पर पता चला कि वह स्कूटी गाजियाबाद के बृज विहार पते पर रजिस्टर्ड है। पुलिस ने उस पते पर छापेमारी की और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे जूलरी पहनने का बेहद शौक है लेकिन उसकी आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वह अपना यह शौक पूरा कर सके। मेडिकल की पढ़ाई के दौरान वह एम्स कैंपस आई थी, जहां उसने देखा कि हॉस्टल में डॉक्टरों के कमरे अक्सर अनलॉक रहते हैं। तभी उसके मन में चोरी का ख्याल आया और उसने डॉक्टर का सफेद कोट लेकर हॉस्टल में घुसने और जूलरी चुराने की योजना बना डाली। उसने वारदात को अंजाम देने के बाद स्कूटी से फरार होने की तैयारी भी पहले से कर रखी थी।

फिलहाल पुलिस उससे यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने पहले भी इस तरह की कोई वारदात की है या नहीं। मामले की जांच जारी है और आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की जरूरत की ओर इशारा करती हैं।

………….

‘कोटा फैक्ट्री’ सीजन 3: जितेंद्र कुमार की दमदार ड्रामा नेटफ्लिक्स पर आएगी, रिलीज डेट सामने आई

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img