Mathura : संगीत शिरोमणि स्वामी हरिदास समिति के बैनर तले राधा अष्टमी के पावन अवसर पर दो दिवसीय संगीत एवं नृत्य महोत्सव का आयोजन 18 और 19 सितंबर को किया जाएगा। दो दशकों से अधिक समय से आयोजित हो रहे इस महोत्सव को भव्य रूप देने के लिए समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
रविवार को केशव कुंज स्थित समिति कार्यालय पर आयोजित बैठक में महोत्सव के सफल आयोजन और व्यापक प्रचार प्रसार पर मंथन किया गया। बैठक में सोशल मीडिया के माध्यम से युवा पीढ़ी को भारतीय शास्त्रीय संगीत से जोड़ने और संगीत प्रेमियों की सुविधाओं का ध्यान रखने जैसे बिंदुओं पर चर्चा हुई।
समिति के सदस्य अभय वशिष्ठ ने बताया कि समिति का मुख्य उद्देश्य ख्यातिलब्ध फनकारों के साथ साथ उभरती प्रतिभाओं को मंच देना और भारतीय शास्त्रीय संगीत की गहराइयों से लोगों को रूबरू कराना है। यह महोत्सव लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है और इस वर्ष भी दर्शकों को अनूठा सांस्कृतिक अनुभव कराने का प्रयास किया जा रहा है।
बैठक में गोपी गोस्वामी, संजय गोस्वामी, रवि शर्मा, निखिल भारद्वाज, विश्वनाथ गोस्वामी, श्री नाथ गोस्वामी, मनीष शर्मा, मनोज शर्मा, सौरभ कुलश्रेष्ठ और गौर सुंदर विश्वास मौजूद रहे।


