Mahendra Singh Tikait: महेंद्र सिंह टिकैत की 15वीं पुण्यतिथि पर किसानों ने दी श्रद्धांजलि, अस्तौली गांव में हवन और रक्तदान शिविर आयोजित
Mahendra Singh Tikait: महेंद्र सिंह टिकैत की 15वीं पुण्यतिथि पर किसानों ने दी श्रद्धांजलि, अस्तौली गांव में हवन और रक्तदान शिविर आयोजित
नोएडा, 15 मई : भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के संस्थापक और किसानों के लोकप्रिय नेता Mahendra Singh Tikait की 15वीं पुण्यतिथि शुक्रवार को गौतमबुद्धनगर के अस्तौली गांव में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर हवन-पूजन, रक्तदान शिविर और पौधरोपण जैसे कई सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में किसान, ग्रामीण और संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए।
अस्तौली गांव स्थित धरना स्थल पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान किसान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हवन कर बाबा टिकैत की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम में किसानों ने उन्हें याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन किसानों के अधिकार, सम्मान और संघर्ष के लिए समर्पित कर दिया था। श्रद्धांजलि सभा के दौरान ‘बाबा टिकैत अमर रहें’ के नारों से पूरा कार्यक्रम स्थल गूंज उठा।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कार्यक्रम में 15 पौधे भी लगाए गए। इसके साथ ही समाजसेवा के तहत आयोजित रक्तदान शिविर में किसानों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जानकारी के अनुसार Rotary Club के ब्लड बैंक को 32 यूनिट रक्तदान किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के राष्ट्रीय महामंत्री Pawan Khatana और प्रदेश प्रवक्ता Suraj Bhati ने किया। इस दौरान श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए मेरठ मंडल महासचिव Anit Kasana और जिला अध्यक्ष Robin Nagar ने बाबा टिकैत को किसानों की असली आवाज बताया।
वक्ताओं ने कहा कि महेंद्र सिंह टिकैत ने हमेशा किसानों की समस्याओं को मजबूती से उठाया और उनके हक के लिए संघर्ष किया। उन्होंने किसानों से बाबा टिकैत के बताए रास्ते पर चलने और एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान किसानों ने सामाजिक एकता, पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा का संदेश भी दिया। बड़ी संख्या में मौजूद किसानों और ग्रामीणों ने बाबा टिकैत को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।