Lucknow : उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। शासन ने 20 आईपीएस अफसरों का स्थानांतरण किया है, जिसमें जौनपुर, बाराबंकी, मुजफ्फरनगर, हापुड़ और मऊ के एसपी को हटाया गया है, जबकि बस्ती, बलिया, गाजीपुर, जालौन और आजमगढ़ के एसएसपी भी बदले गए हैं।
तबादला सूची के अनुसार डीजीपी के स्टाफ ऑफिसर द्वितीय पूर्णेन्दु सिंह को बागपत का एसपी बनाया गया है। लखनऊ में डीसीपी ट्रैफिक रवीना त्यागी को बाराबंकी का एसपी नियुक्त किया गया है। एडीजी ट्रैफिक ए सतीश गणेश से एडीजी क्राइम का प्रभार हटाया गया है और एडीजी तकनीकी सेवाएं भगवान एस श्रीवास्तव को एडीजी क्राइम का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
चौथी वाहिनी पीएसी प्रयागराज में सेनानायक सर्वेश कुमार मिश्रा को मऊ का एसपी बनाया गया है। आजमगढ़ में तैनात एसपी मधुबन कुमार सिंह को हापुड़ का एसपी बनाया गया है, जबकि मथुरा के एसपी सुरेश चंद्र रावत को जालौन का एसपी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा जौनपुर के एसपी कुंवर अनुपम सिंह, बाराबंकी के एसपी अर्पित विजयवर्गीय, मुजफ्फरनगर के एसपी संजय कुमार, हापुड़ के एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह और मऊ के एसपी कमलेश बहादुर को हटाया गया है। बागपत के एसपी सूरज कुमार को मुजफ्फरनगर का एसएसपी बनाया गया है।


