Noida Lift Case: लिफ्ट गिरने के मामले में बैंक्वेट हॉल संचालक समेत तीन पर केस

Noida Lift Case: लिफ्ट गिरने के मामले में बैंक्वेट हॉल संचालक समेत तीन पर केस

नोएडा। सेक्टर-51 स्थित वेडिंग विला बैंक्वेट हॉल में व्यापारी सम्मेलन के दौरान लिफ्ट गिरने के मामले में पुलिस ने बैंक्वेट हॉल के संचालक समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में लिफ्ट के नियमित रखरखाव में लापरवाही और लिफ्टमैन की तैनाती नहीं किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब घटना के तकनीकी पहलुओं की भी जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, सेक्टर-51 स्थित वेडिंग विला बैंक्वेट हॉल में गुरुवार को उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल की ओर से पांचवें व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा, नोएडा विधायक पंकज सिंह समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए थे।

कार्यक्रम को देखते हुए मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कुछ लोग ऊपरी मंजिल से लिफ्ट के जरिए नीचे आ रहे थे। इसी दौरान अचानक लिफ्ट नीचे गिर गई। लिफ्ट के अंदर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने इमरजेंसी चाबी की मदद से लिफ्ट का दरवाजा खोला और उसमें फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं, लेकिन कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

घटना के बाद सेक्टर-51 चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आशु चौधरी की शिकायत पर थाना सेक्टर-49 पुलिस ने वेडिंग विला बैंक्वेट हॉल के संचालक विनोद अरोड़ा, अश्वनी छावड़ा और प्रबंधक अश्विनी शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 289 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि लिफ्ट का नियमित रखरखाव नहीं कराया जा रहा था और वहां लिफ्टमैन की तैनाती भी नहीं थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह गंभीर लापरवाही है, जिसके कारण बड़ा हादसा हो सकता था।

पुलिस अब लिफ्ट की तकनीकी स्थिति, उसके रखरखाव से जुड़े रिकॉर्ड और घटना के समय सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img