Land Dispute: दनकौर के बिहारीलाल इंटर कॉलेज की जमीन पर कब्जे के आरोप, छात्रों ने किया विरोध
नोएडा। दनकौर कस्बे में स्थित बिहारीलाल इंटर कॉलेज की करीब 2 हजार गज जमीन पर अवैध कब्जे के प्रयास को लेकर बुधवार को विवाद सामने आया। कॉलेज प्रबंधन का आरोप है कि कुछ लोगों ने जमीन पर बाउंड्री वॉल का निर्माण शुरू कर दिया था। इसकी जानकारी मिलने के बाद कॉलेज के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और निर्माण का विरोध किया।
कॉलेज के प्रधानाचार्य महकार सिंह के अनुसार, कॉलेज के खेल मैदान और परिसर से सटी जमीन पर काफी समय से कुछ लोगों की नजर थी। बुधवार को कथित तौर पर बड़ी संख्या में मजदूरों को बुलाकर करीब 2 हजार गज जमीन पर बाउंड्री वॉल का निर्माण शुरू कराया गया। निर्माण की जानकारी कॉलेज के छात्रों और प्रबंधन को मिलने के बाद परिसर में विरोध शुरू हो गया।
प्रधानाचार्य के मुताबिक, देखते ही देखते बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मैदान में एकत्र हो गए। छात्रों ने निर्माण का विरोध किया और मौके पर मौजूद लोगों से वहां से हटने को कहा। कॉलेज प्रबंधन का आरोप है कि विरोध बढ़ने के बाद निर्माण करा रहे लोग और उनके साथ मौजूद अन्य लोग पीछे हट गए। इस दौरान छात्रों ने निर्माणाधीन बाउंड्री वॉल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद मौके पर स्थिति को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई।
कॉलेज प्रशासन का कहना है कि विवादित जमीन छात्रों के खेलकूद और भविष्य से जुड़ी है। प्रबंधन ने कहा कि कॉलेज की जमीन की सुरक्षा के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। स्कूल प्रबंधन ने जिला प्रशासन और पुलिस से मामले की जांच कर जमीन पर कब्जे का प्रयास करने वालों की पहचान करने और नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
वहीं, पुलिस ने पूरे मामले को दो पक्षों के बीच जमीन के विवाद के रूप में बताया है। एसीपी रविशंकर मिश्र के अनुसार, एक पक्ष की ओर से जमीन पर निर्माण शुरू किया गया था, जिसका कॉलेज पक्ष ने विरोध किया। विरोध के दौरान कॉलेज के छात्र भी मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाकर वहां से भेजा।
एसीपी ने बताया कि जमीन से संबंधित विवाद राजस्व विभाग के स्तर पर विचाराधीन है। पुलिस के अनुसार, राजस्व विभाग की ओर से मामले में निर्णय आने तक दोनों पक्षों को विवादित जमीन पर निर्माण नहीं करने की हिदायत दी गई है। पुलिस का कहना है कि राजस्व संबंधी निर्णय के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


