किसानों को 6 प्रतिशत भूखंड आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू

अमर सैनी

नोएडा। जमीन अधिग्रहण से प्रभावित गांवों के किसानों को छह फीसदी विकसित भूखंड के लिए अब और इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इसकी शुरुआत क्षेत्र के जुनपत गांव से होने जा रही है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण 23 जुलाई को ड्रा के जरिए भूखंड आवंटित करेगा। फिलहाल 41 भूखंडों के लिए ड्रा होगा। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहले चरण में जुनपत समेत आठ गांवों के 1200 से अधिक किसानों को लाभ मिलेगा। उम्मीद है कि एक महीने में इन गांवों की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। वहीं, बचे हुए किसानों की पात्रता सूची तैयार की जा रही है।

दरअसल, विकास परियोजनाओं के लिए जमीन अधिग्रहण के एवज में छह फीसदी विकसित भूखंड दिए जाने का प्रावधान है। इसके अलावा जो किसान 10 फीसदी भूखंड की मांग को लेकर कोर्ट गए थे, उन्हें चार फीसदी अतिरिक्त भूखंड दिए जाते हैं। पिछले पांच साल से भूखंड आवंटन का काम बंद था। इसे लेकर किसान संगठन आए दिन विरोध प्रदर्शन करते रहते हैं। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन अभी भी जारी है। किसानों के गुस्से को देखते हुए प्राधिकरण ने आबादी वाले भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया तेज कर दी है। प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार 23 जुलाई को होने वाले ड्रा में 130, 150, 160, 185, 190, 200, 260, 350, 370 और 500 वर्ग मीटर के 41 भूखंड हैं, जो गांव के नजदीक हैं। इसमें से 50 फीसदी भूखंड पर किसान व्यावसायिक गतिविधि कर सकते हैं। वहीं, खैरपुर, कैलाशपुर, पाली, तिलपता, साकीपुर और क्यामपुर आदि गांवों के 1200 किसानों को जल्द ही भूखंड आवंटित किए जाएंगे। वहां पर जमीन को विकसित कर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। चार हजार से अधिक किसानों की पात्रता सूची तैयार हो रही है – वहीं, प्राधिकरण उन किसानों की पात्रता सूची तैयार कर रहा है, जो पिछले कई वर्षों से छह फीसदी विकसित भूखंड का इंतजार कर रहे हैं। इससे अधिसूचित क्षेत्र के विभिन्न गांवों के 4000 से अधिक किसानों को लाभ मिलेगा। इसके अलावा जिन किसानों की पात्रता सूची पहले तैयार हो चुकी है, उन्हें भूखंड आवंटन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। जुनपत गांव के किसानों को 23 जुलाई को ड्रा के जरिए छह फीसदी भूखंड आवंटित किए जाएंगे। जमीन चिह्नित कर ली गई है और वहां मूलभूत सुविधाएं विकसित कर दी गई हैं। आवंटन में पारदर्शिता के लिए ड्रा निकाला जाएगा। अन्य पात्र किसानों को भी जल्द भूखंड दिए जाएंगे। इसकी प्रक्रिया चल रही है। किसानों की लंबित समस्याओं के समाधान को लेकर प्राधिकरण गंभीर है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img