Kanwar Yatra Noida: हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा नोएडा, सावन शिवरात्रि पर 2500 पुलिसकर्मी तैनात
नोएडा। सावन की शिवरात्रि के अवसर पर मंगलवार को नोएडा और ग्रेटर नोएडा के प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कांवड़ियों की आवाजाही और हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा शहर शिवमय नजर आया। कई स्थानों पर शिव भक्त डीजे पर बज रहे भजनों के साथ नृत्य करते हुए मंदिरों तक पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
कांवड़ियों के साथ उनके परिवार के सदस्य, गांव-समाज के लोग और रिश्तेदार भी मंदिरों में पहुंचे। सुबह से ही मंदिरों के आसपास श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी थी। कई प्रमुख मंदिरों में जलाभिषेक के लिए लंबी कतारें देखने को मिलीं। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को जल, दूध और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की।
कांवड़ियों की बड़ी संख्या में आवाजाही को देखते हुए नोएडा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए करीब 2500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। मंदिरों के अलावा कांवड़ मार्गों पर भी अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है।
यातायात पुलिस को विशेष रूप से अलर्ट किया गया है। कांवड़ियों के मार्ग और प्रमुख मंदिरों के आसपास वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को मंदिरों तक पहुंचने और वापस लौटने में किसी तरह की परेशानी न हो और कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था भी प्रभावित न हो।
अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित रखना और किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोकना पुलिस की प्राथमिकता है। पुलिसकर्मियों को संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के साथ श्रद्धालुओं की मदद करने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत मंगलवार को मंदिरों और कांवड़ मार्गों पर करीब 3000 सीसीटीवी कैमरों और 30 ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी गई। पुलिस की ओर से एआई आधारित कैमरों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। इन कैमरों की मदद से भीड़ की स्थिति का आकलन करने और संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी नजर रख रही है, ताकि किसी तरह की अफवाह, भ्रामक सूचना या आपत्तिजनक गतिविधि की तत्काल पहचान की जा सके। इसके अलावा भीड़ के बीच सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जिससे संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
डीएम मेधा रूपम और पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में कांवड़ यात्रा की तैयारियों तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रमुख मंदिरों और कांवड़ मार्गों की स्थिति का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शहर के प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को जल चढ़ाना शुरू कर दिया था। कांवड़ियों के जत्थे भी लगातार मंदिरों की ओर पहुंचते रहे। बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारों से मंदिर परिसर और आसपास के इलाके गूंजते रहे।
पुलिस और प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से भी व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है। अधिकारियों का कहना है कि भीड़ को देखते हुए पुलिस और यातायात विभाग की टीमें लगातार सक्रिय हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।
