Kanwar Yatra: कांवड़ यात्रा को लेकर गौतमबुद्ध नगर पुलिस अलर्ट, डीजे की ऊंचाई 12 फीट तक रखने के निर्देश

Kanwar Yatra: कांवड़ यात्रा को लेकर गौतमबुद्ध नगर पुलिस अलर्ट, डीजे की ऊंचाई 12 फीट तक रखने के निर्देश
श्रावण मास में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस प्रशासन लगातार कांवड़ मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहा है। साथ ही थाना स्तर पर पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कर डीजे संचालकों, शिविर आयोजकों और स्थानीय लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे की अधिकतम ऊंचाई 12 फीट से अधिक नहीं होगी।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन और डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह ने पुलिस कार्यालय सूरजपुर में समीक्षा बैठक की। बैठक में सेंट्रल नोएडा के सभी एसीपी, कांवड़ मार्ग से जुड़े थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और बीट प्रभारियों ने भाग लिया। इस दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक थाना अपने क्षेत्र में कांवड़ यात्रा से संबंधित रजिस्टर तैयार करे और समय रहते पीस कमेटी की बैठक आयोजित कर स्थानीय लोगों तथा आयोजन समितियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करे। इसके अलावा कांवड़ मार्गों पर सड़क, प्रकाश व्यवस्था, गड्ढों या अन्य किसी भी प्रकार की समस्या मिलने पर संबंधित विभागों से तत्काल समन्वय कर उनका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
एडीसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने डीजे संचालकों के साथ विशेष बैठक कर स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान किसी भी डीजे की ऊंचाई 12 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही शिविर और पंडाल लगाने वाले आयोजकों को निर्धारित स्थानों पर ही शिविर लगाने, सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
उधर एसीपी-1 सेंट्रल नोएडा दीक्षा सिंह ने पुलिस बल के साथ थाना सेक्टर-63 क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने कांवड़ मार्ग का भौतिक सत्यापन करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए संवेदनशील स्थानों की पहचान कर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने यात्रा के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच करने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी जारी किए हैं। पीसीआर और पीआरवी वाहनों को लगातार गश्त पर रखने के साथ प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
गौतमबुद्ध नगर पुलिस का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित और सुगम वातावरण में अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें।




