JP Nadda Health Ministry: अलग-थलग नहीं, तालमेल से होगा इन्फ्लूएंजा पर वार : जेपी नड्डा
नई दिल्ली। सर्दी के मौसम में इन्फ्लूएंजा के प्रसार को रोकने के लिए केंद्र सरकार पूरी तरह तैयार है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को नई दिल्ली में दो दिवसीय चिंतन शिविर आयोजित किया, जिसका विषय था ‘इन्फ्लूएंजा की तैयारी और प्रतिक्रिया के लिए अंतर-मंत्रालयी और अंतर-क्षेत्रीय तालमेल’। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि इन्फ्लूएंजा पर तैयारी अलग-थलग नहीं रह सकती। इसके लिए निगरानी, शुरुआती चेतावनी, प्रयोगशाला की तैयारी, क्लिनिकल तैयारी और प्रभावी जोखिम संचार के सभी आयामों में तालमेल जरूरी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनडीसीसी) ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) भारत के सहयोग से इस चिंतन शिविर का आयोजन किया। इसका उद्देश्य देश में आने वाले इन्फ्लूएंजा सीजन से पहले तैयारी और प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत करना है। नड्डा ने कहा कि यह शिविर सभी हितधारकों को इन्फ्लूएंजा के खिलाफ लचीलेपन के लिए तैयारी के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है।
शिविर में विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और संस्थानों के लगभग 110 प्रतिनिधि शामिल हुए। इनमें पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, पशुपालन और डेयरी विभाग, स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय, भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान और राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के अधिकारी शामिल थे। ग्यारह राज्यों ने व्यक्तिगत रूप से भाग लिया, जबकि अन्य वर्चुअली शामिल हुए।
भारत और दुनिया भर में इन्फ्लूएंजा एक बड़ी सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती बना हुआ है। इसके प्रकोप से समय-समय पर गंभीर बीमारियां और मृत्यु होती हैं, विशेषकर छोटे बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और पुरानी बीमारियों वाले लोगों में। इस पृष्ठभूमि में यह चिंतन शिविर समय पर आयोजित किया गया। स्वास्थ्य मंत्रालय आईडीएसपी नेटवर्क के माध्यम से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मौसमी इन्फ्लूएंजा के रुझानों की रियल-टाइम निगरानी भी कर रहा है।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ


