Jewar Road Development: जेवर को मिली बड़ी विकास सौगात, 12 करोड़ से 7.75 किमी सड़क चौड़ीकरण का भूमि पूजन
नोएडा। जेवर विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। यमुना बांध (जेवर) से जेवर की मढ़ैया, गोविन्दगढ़ मार्ग स्थित गौशाला, सिरसा माचीपुर और ग्राम साहब नगर होते हुए जेवर तहसील तक जाने वाले लगभग 7.75 किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का भूमि पूजन किया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने भूमि पूजन कर विकास कार्यों में समाज की सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।
इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना पर करीब 12 करोड़ रुपये की लागत आएगी। सड़क के चौड़ीकरण और मजबूती से हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बीच आवागमन व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा। यह मार्ग नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से हरियाणा को जोड़ने वाले प्रमुख संपर्क मार्गों में से एक होगा, जिससे यात्रियों के साथ-साथ व्यावसायिक गतिविधियों को भी बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।
सड़क निर्माण के बाद जेवर विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोगों को सुरक्षित, सुगम और तेज यातायात की सुविधा मिलेगी। क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। खासतौर पर एयरपोर्ट के संचालन के बाद इस मार्ग का महत्व और बढ़ जाएगा, क्योंकि यह निवेश और औद्योगिक विकास की संभावनाओं को नई दिशा देगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में तेज़ी से विकास के पथ पर अग्रसर है। प्रदेश में सड़कों, एक्सप्रेसवे और औद्योगिक इकाइयों का जाल बिछाया जा रहा है, जिससे उत्तर प्रदेश आज विकास और सुशासन का एक सशक्त मॉडल बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि बीते करीब नौ वर्षों में प्रदेश ने कानून व्यवस्था, आधारभूत ढांचे और निवेश के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है।
विधायक ने यह भी कहा कि पहले की सरकारों में विकास की अपार संभावनाएं होने के बावजूद योजनाएं अधूरी रह जाती थीं, लेकिन अब योगी सरकार के मजबूत और दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है। नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के शुरू होने के साथ ही गौतमबुद्ध नगर जनपद में पूंजी निवेश और रोजगार के अवसरों में तेजी से वृद्धि होगी, जिसका सीधा लाभ जेवर क्षेत्र के लोगों को मिलेगा।
यह सड़क परियोजना न केवल यातायात सुविधा को बेहतर बनाएगी, बल्कि जेवर विधानसभा क्षेत्र को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के संकल्प को भी मजबूत करेगी। क्षेत्र में हो रहे लगातार विकास कार्य यह संकेत दे रहे हैं कि आने वाले समय में जेवर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख विकास केंद्रों में शामिल होगा।

