Jewar Development: जेवर में एकलव्य खेलो युवा स्पोर्ट्स पार्क का शिलान्यास, 1.50 करोड़ की परियोजना से युवाओं को मिलेगा खेलों का मंच

Jewar Development: जेवर में एकलव्य खेलो युवा स्पोर्ट्स पार्क का शिलान्यास, 1.50 करोड़ की परियोजना से युवाओं को मिलेगा खेलों का मंच

जेवर विधानसभा क्षेत्र के सिरसा माचीपुर गांव में गुरुवार को युवाओं के लिए बड़ी सौगात के रूप में एकलव्य खेलो युवा स्पोर्ट्स पार्क की शुरुआत की गई। करीब 1.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस स्पोर्ट्स पार्क का भूमि पूजन विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया गया। यह परियोजना क्षेत्र के युवाओं को खेल से जोड़ने और उन्हें आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इस महत्वाकांक्षी योजना का प्रस्ताव जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह द्वारा रखा गया था।

भूमि पूजन कार्यक्रम की शुरुआत क्षेत्र की महिलाओं द्वारा फीता काटकर की गई। इसके बाद हवन-पूजन का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने इस परियोजना को क्षेत्र के युवाओं के भविष्य के लिए बेहद अहम बताया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सबसे सशक्त माध्यम हैं। खेल न केवल शारीरिक मजबूती देते हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि एकलव्य खेलो युवा स्पोर्ट्स पार्क ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर देगा।

विधायक ने बताया कि इस स्पोर्ट्स पार्क में विभिन्न खेल गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि ग्रामीण युवाओं को शहरों की तरह बेहतर खेल माहौल मिल सके। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जेवर विधानसभा क्षेत्र में खेल अधोसंरचना को लगातार मजबूत किया जा रहा है। ग्राम गोपालगढ़ में लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से स्टेडियम का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जबकि ग्राम भवोकरा में तीसरे स्टेडियम के निर्माण की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान कड़ाके की ठंड को देखते हुए विधायक धीरेंद्र सिंह ने सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए करीब 500 महिलाओं को कंबल वितरित किए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ जरूरतमंदों की सेवा करना उनकी प्राथमिकता है और आने वाले समय में भी इस तरह के जनकल्याणकारी कार्य जारी रहेंगे।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा, ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। विधायक ने सभी उपस्थित लोगों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और क्षेत्र के समग्र विकास, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img