Illegal Arms Factory: गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, अवैध हथियार फैक्ट्री का पर्दाफाश, 5 कुख्यात गिरफ्तार

Illegal Arms Factory: गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, अवैध हथियार फैक्ट्री का पर्दाफाश, 5 कुख्यात गिरफ्तार

रिपोर्ट: रवि डालमिया

गणतंत्र दिवस 2026 से पहले राजधानी दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से दक्षिण-पश्चिम जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अवैध हथियार बनाने और उनकी सप्लाई करने वाले एक बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए पांच कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार सभी आरोपी पहले से हत्या, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में शामिल रह चुके हैं और इनका आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है।

दरअसल 26 जनवरी को देखते हुए साउथ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट पुलिस द्वारा विशेष सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान स्पेशल स्टाफ को गुप्त सूचना मिली कि अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़ा एक आरोपी दिल्ली के कापसहेड़ा इलाके में आने वाला है। सूचना के आधार पर 4 जनवरी को पुलिस टीम ने राजोकरी टी-पॉइंट के पास जाल बिछाया और भारत उर्फ भारू नामक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

साउथ-वेस्ट जिले के एडीसीपी अभिमन्यु पोसवाल ने बताया कि आरोपी की तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। इस संबंध में कापसहेड़ा थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अवैध हथियार बनाने और सप्लाई करने वाले पूरे नेटवर्क का खुलासा किया, जिसके बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई तेज की।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के कैलि गांव में छापा मारकर एक पूरी तरह से चालू अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। इस छापेमारी के दौरान मौके से अशरफ अली, उपेंद्र और सतीश को गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कुख्यात बदमाशों और गैंगस्टरों को मांग के अनुसार अवैध हथियार सप्लाई करता था।

इसके बाद पुलिस ने हथियारों की सप्लाई में शामिल एक अन्य आरोपी इम्तेयाज को द्वारका इलाके से गिरफ्तार किया। एडीसीपी अभिमन्यु पोसवाल ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपी पहले भी कई संगीन अपराधों में शामिल रह चुके हैं। जेल से बाहर आने के बाद इन्होंने दोबारा अपराध की दुनिया में कदम रखा और अवैध हथियारों का कारोबार शुरू कर दिया था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से अवैध हथियारों की सप्लाई चेन पर बड़ा प्रहार हुआ है और इससे गणतंत्र दिवस से पहले राजधानी की सुरक्षा को मजबूत करने में मदद मिलेगी। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और आशंका जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img