Himachal Pradesh: मुख्यमंत्री ने संजौली में बहुउद्देशीय खेल स्टेडियम का किया उद्घाटन, खेल और नशा मुक्ति अभियान को मिला नया मंच

Himachal Pradesh: मुख्यमंत्री ने संजौली में बहुउद्देशीय खेल स्टेडियम का किया उद्घाटन, खेल और नशा मुक्ति अभियान को मिला नया मंच
शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने रविवार को शिमला के संजौली क्षेत्र में 3.18 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बहुउद्देशीय खेल स्टेडियम का उद्घाटन किया। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस स्टेडियम में खेल प्रतियोगिताओं के लिए खुला मैदान, ओपन हॉल, रसोईघर, सामुदायिक हॉल सहित विभिन्न आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर संजौली मैदान के विकास और सुधार के लिए एक करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि देने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय ग्रीष्मोत्सव शिमला के अंतर्गत आयोजित हिमाचल प्रदेश की पहली ‘चिट्टा जागरूकता वॉलीबॉल प्रतियोगिता’ का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया और विजेता टीम को एक लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान करने की घोषणा की। राज्यभर से पहुंची 13 टीमों के खिलाड़ियों द्वारा प्रस्तुत मार्चपास्ट की सलामी लेने के बाद मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों को नशा उन्मूलन की शपथ भी दिलाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ‘खेलो इंडिया’ प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है और संबंधित विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ा दी गई है तथा राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के लिए भी नई प्रोत्साहन नीति जल्द लागू की जाएगी।
उन्होंने घोषणा की कि संजौली क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किया जाएगा और संजौली होली मेले को जिला स्तरीय मेले का दर्जा दिया जाएगा। इसके अलावा शिमला के निकट घटासनी क्षेत्र में 10 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक खेल स्टेडियम का निर्माण भी किया जा रहा है।
अपने छात्र जीवन को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने स्वयं भी स्कूल के दिनों में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया है, इसलिए वे खिलाड़ियों की चुनौतियों और आवश्यकताओं को भलीभांति समझते हैं। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों की डाइट मनी बढ़ाई गई है। अब प्रदेश के भीतर प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को प्रतिदिन 400 रुपये तथा राज्य से बाहर प्रतियोगिताओं में भाग लेने वालों को 500 रुपये प्रतिदिन दिए जा रहे हैं। साथ ही 200 किलोमीटर से अधिक दूरी की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को हवाई यात्रा की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
कार्यक्रम में स्थानीय विधायक हरीश जनारथा ने कहा कि संजौली मैदान क्षेत्र के सबसे पुराने खेल मैदानों में शामिल है और लंबे समय से आधुनिक खेल सुविधाओं की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी हो गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री की खेल और युवा कल्याण संबंधी पहल की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़कर नशे से दूर रखने का यह अभियान समाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।
इस अवसर पर शिमला नगर निगम के महापौर सुरेन्द्र चौहान, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के निदेशक शिवम प्रताप सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


