Kanwar Yatra 2025: कांवड़ यात्रा 2025 की तैयारियों पर मंत्री आशीष सूद की उच्चस्तरीय बैठक, एकल खिड़की से मिलेगी सभी अनुमतियां

Kanwar Yatra 2025: कांवड़ यात्रा 2025 की तैयारियों पर मंत्री आशीष सूद की उच्चस्तरीय बैठक, एकल खिड़की से मिलेगी सभी अनुमतियां

रिपोर्ट: अभिषेक ब्याहुत

दिल्ली में कांवड़ यात्रा 2025 की तैयारियों को लेकर बुधवार को शिक्षा, गृह और ऊर्जा मंत्री आशीष सूद ने दिल्ली सचिवालय में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में दिल्ली पुलिस, नगर निगम, बिजली वितरण कंपनियां, ऊर्जा विभाग, फायर डिपार्टमेंट, होम गार्ड्स, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, शहरी विकास विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

बैठक के बाद मंत्री आशीष सूद ने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने यह निर्णय लिया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान न केवल श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था का सम्मान किया जाएगा, बल्कि दिल्लीवासियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सरकार का पहला बड़ा धार्मिक आयोजन है, जिसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालु विभिन्न राज्यों से दिल्ली में प्रवेश करेंगे। सरकार उनकी सुविधा, सुरक्षा और सेवा सुनिश्चित करने के लिए पूर्णत: प्रतिबद्ध है।

आशीष सूद ने कहा कि कांवड़ समितियों को प्रशासनिक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय में एकल खिड़की प्रणाली शुरू की जाएगी, जहां से समितियां सभी आवश्यक अनुमतियाँ प्राप्त कर सकेंगी। इससे प्रक्रिया सरल और पारदर्शी होगी।

श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन, विश्राम और सुरक्षा की दृष्टि से मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, प्रकाश, बिजली आपूर्ति और ट्रैफिक नियंत्रण जैसी सेवाएं समयबद्ध और समन्वित रूप से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने बिजली विभाग को विशेष रूप से सावधानी बरतने को कहा कि बारिश के मौसम में शिविरों के आसपास करंट फैलने या बिजली जाने जैसी समस्याएं न आएं। इनका समाधान तत्काल प्राथमिकता पर हो।

दिल्ली नगर निगम, शहरी विकास विभाग और ऊर्जा विभाग को श्रद्धालुओं के लिए विश्राम स्थलों की पहचान कर वहाँ आवश्यक सुविधाएं स्थापित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ऊर्जा विभाग को यह भी निर्देशित किया गया कि शिविर स्थलों और कांवड़ मार्गों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और इसके लिए विशेष निगरानी टीम सक्रिय रहे।

बैठक में कानून व्यवस्था के संबंध में भी विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। आशीष सूद ने दिल्ली पुलिस को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्गों और शिविरों में पर्याप्त संख्या में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए। संवेदनशील स्थानों पर स्थायी बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि श्रद्धालु केवल तय मार्गों पर ही चलें और आमजन के रास्तों में कोई अवरोध न उत्पन्न हो।

ध्वनि प्रदूषण की समस्या को ध्यान में रखते हुए उन्होंने कहा कि रिहायशी इलाकों के पास स्थापित शिविरों में लाउडस्पीकर के माध्यम से देर रात तक भजन न बजें। दिल्ली पुलिस श्रद्धालुओं से अनुरोध करेगी कि वे निर्धारित समय के भीतर ही संगीत बजाएं ताकि स्थानीय लोगों की दिनचर्या प्रभावित न हो।

आशीष सूद ने यह भी निर्देश दिए कि दिल्ली की सीमाओं पर तैनात पुलिस अन्य राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करे ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा और सहायता में कोई कमी न रहे। इसके अतिरिक्त, फायर सर्विस विभाग को निर्देशित किया गया कि वह कांवड़ शिविरों के पास छोटी अग्निशमन गाड़ियों की तैनाती की योजना बनाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया दी जा सके।

मंत्री आशीष सूद ने बैठक का समापन करते हुए सभी विभागों से आपसी समन्वय और तत्परता के साथ कार्य करने का आह्वान किया ताकि कांवड़ यात्रा 2025 शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफलतापूर्वक सम्पन्न की जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और दिल्ली की सामान्य जीवनशैली दोनों को समान रूप से प्राथमिकता देना सरकार की जिम्मेदारी है और इसे सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

Hot this week

Ghaziabad : इंदिरापुरम में बंगाली समाज का दुर्गा पूजा उत्सव, सातवें वर्ष में प्रवेश

Ghaziabad : इंदिरापुरम बंगाली कल्चरल सोसाइटी की ओर से...

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img