हरियाणा

Haryana: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुनीमपुर में किसानों को प्रदान किए पुष्प रत्न एवं पुष्प सम्मान पुरस्कार

Haryana: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुनीमपुर में किसानों को प्रदान किए पुष्प रत्न एवं पुष्प सम्मान पुरस्कार

फ्लोरीकल्चर क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मुख्यमंत्री ने प्रगतिशील किसानों को किया सम्मानित

रिपोर्ट : कोमल रमोला

चंडीगढ़, 17 जून- गांव मुनीमपुर में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने फ्लोरीकल्चर (पुष्प उत्पादन) क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित किसानों को पुष्प रत्न एवं पुष्प सम्मान पुरस्कार प्रदान कर उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा के किसान आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर खेती में नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। विशेष रूप से पुष्प उत्पादन के क्षेत्र में किसानों ने अपनी मेहनत, नवाचार और वैज्ञानिक पद्धतियों के माध्यम से उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि फ्लोरीकल्चर किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ कृषि क्षेत्र में विविधीकरण को भी बढ़ावा दे रहा है।

मुख्यमंत्री ने सम्मानित किसानों को शॉल, प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने किसानों से आधुनिक तकनीकों को अपनाने और बागवानी एवं पुष्प उत्पादन को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

यह किसान हुए पुरस्कृत

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पुष्प रत्न अवार्ड से जिला फरीदाबाद के गांव फतेहपुर बिलोच निवासी ललित सैनी, जिला पंचकूला के गांव भारली निवासी छोटेलाल तथा गांव नंदपुर निवासी राहुल सिंह, जिला रोहतक के गांव मडोदी जाटयान निवासी राजकुमार, जिला रेवाड़ी के गांव ढाणी राधा निवासी सुरेंद्र कुमार, गांव खालेटा निवासी संदीप कुमार, गांव खोल निवासी सत्यनारायण तथा गांव ढवाना निवासी ज्ञानी राम, तथा जिला नारनौल के गांव डिगरोटा निवासी राजेश देवी को सम्मानित किया।

इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने जिला गुरुग्राम के गांव हमीरपुर निवासी केशव चौहान तथा जिला पलवल के गांव पाथली कलां निवासी रणवीर सिंह को भी पुष्प रत्न अवार्ड प्रदान किया। वहीं जिला झज्जर के गांव सौंधी निवासी खजान सिंह को फ्लोरीकल्चर क्षेत्र में विशेष उपलब्धियों के लिए पुष्प सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सम्मानित किसानों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।

किसानों की आय बढ़ाने और बागवानी क्षेत्र को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर सरकार प्रयासरत

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और बागवानी क्षेत्र को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। आधुनिक बागवानी तकनीकों, अनुसंधान और प्रशिक्षण सुविधाओं के विस्तार से किसानों को अधिक लाभ मिलेगा तथा हरियाणा फ्लोरीकल्चर के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।

 

Related Articles

Back to top button