Hapur News : हापुड़ के सिटी कोतवाली क्षेत्र में आदर्श नगर कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय अमन सागर की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दो लाख रुपये के लेनदेन के विवाद में रॉड से हमला कर हत्या की गई और शव को बदनौली फाटक के पास खेत में फेंक दिया गया था। हत्या में इस्तेमाल की गई रॉड भी पुलिस ने बरामद कर ली है।
गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे सीओ दीपक चतुर्वेदी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी जसरूपनगर निवासी प्रशांत और पंकज हैं। पूछताछ में सामने आया कि अमन ने प्रशांत को करीब ढाई लाख रुपये उधार दिए थे, जिसमें से कुछ रकम वापस कर दी गई थी लेकिन करीब दो लाख रुपये अभी बकाया थे। अमन अपनी बहन की शादी के लिए नवंबर में रुपयों की मांग कर रहा था, इसी को लेकर करीब एक सप्ताह पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था।
पुलिस के मुताबिक विवाद के दौरान अमन द्वारा गाली देने से नाराज प्रशांत ने हत्या की योजना बनाई। सोमवार शाम करीब सात बजे प्रशांत रुपये लौटाने के बहाने अमन को अपनी स्कूटी पर बैठाकर ले गया। मोदीनगर रोड पर उन्हें आयुष और पंकज मिले और फिर तीनों उसे बदनौली के जंगल की ओर ले गए। जंगल में सभी ने बीयर पी और नशे की हालत में अमन से डिप्स लगाने के लिए कहा। जैसे ही वह नीचे झुका आरोपियों ने रॉड से उसके सिर पर कई वार कर दिए जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी शव को खेत में फेंककर फरार हो गए। मंगलवार सुबह खेत में शव मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई और परिजनों की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि आयुष और एक अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।





