Hapur News : पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ी में सोमवार सुबह एक हृदय विदारक घटना हो गई। टेबल फैन के कटे हुए तार में करंट आने से 18 वर्षीय छात्र मनीष की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मनीष रोज की तरह सुबह करीब छह बजे सोकर उठा था और कमरे से बाहर निकल रहा था। इसी दौरान फर्श पर पड़े टेबल फैन के क्षतिग्रस्त और नंगे तार पर उसका पैर पड़ गया। तार में करंट होने के कारण वह गंभीर रूप से झुलसकर गिर पड़ा। परिजन चीख पुकार सुनकर दौड़े और उसे तुरंत अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मनीष दो भाइयों में बड़ा था और इंटरमीडिएट का छात्र था। वह पढ़ाई में होशियार और स्वभाव से मिलनसार बताया जा रहा है। उसके पिता मूलचंद दिल्ली में मजदूरी करते हैं जबकि मां पूजा गृहणी हैं। छोटा भाई गौरव कक्षा छह में पढ़ता है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण मनीष पढ़ाई के साथ साथ छोटे मोटे काम कर पिता का हाथ भी बंटाता था।
घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर है। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है।


