Hapur News : बारावफात त्योहार को लेकर मेरठ रेंज में पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। 26 अगस्त को प्रस्तावित त्योहार के दौरान मेरठ, बुलंदशहर और हापुड़ जिलों में कुल 36 जुलूस और 11 मजलिसों का आयोजन होगा। इनकी सुरक्षा के लिए पूरे रेंज में 1795 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है और संवेदनशीलता के आधार पर 34 हॉटस्पॉट चिन्हित किए गए हैं।
जिलेवार कार्यक्रम के अनुसार मेरठ में 5 जुलूस और 6 मजलिसें, बुलंदशहर में 28 जुलूस और 3 मजलिसें तथा हापुड़ में 3 जुलूस और 2 मजलिसें आयोजित होंगी। हॉटस्पॉट की बात करें तो मेरठ में 10, बुलंदशहर में 22 और हापुड़ में 2 संवेदनशील स्थान चिन्हित किए गए हैं।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए परिक्षेत्र में 5 अपर पुलिस अधीक्षक, 24 सीओ, 67 निरीक्षक, 335 उपनिरीक्षक, 474 मुख्य आरक्षी, 535 आरक्षी और 355 होमगार्ड और पीआरडी जवानों को लगाया गया है। सुरक्षा में एक कंपनी पीएसी को भी शामिल किया गया है।
डीआईजी मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी ने सभी जनपद प्रभारियों को जुलूस के मार्गों और मजलिस स्थलों का खुद निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जुलूस के रास्तों से बिजली के तारों और अन्य बाधाओं को हटाने के साथ ही छतों पर रखे ईंट पत्थर और बोतलों को भी हटवाने को कहा है।
संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस पिकेट और जरूरत के अनुसार स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। पुलिसकर्मियों को हेलमेट और बॉडी प्रोटेक्टर पहनने के निर्देश दिए गए हैं और सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर रखने को कहा गया है। पुलिस अब तक शांति समिति के सदस्यों, धर्मगुरुओं और आयोजकों के साथ 309 बैठकें कर चुकी है।


