Hapur News : हापुड़ के बदनौली गांव में हुई पथराव और फायरिंग की घटना के बाद पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में लापरवाही मानते हुए नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह बदनौली गांव में दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने सामने आ गए और जमकर पथराव और फायरिंग हुई, जिससे पूरे गांव में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार और वाहन बरामद किया था।
इस घटना के बाद पुलिस अधीक्षक ने सीओ स्तर पर भी बड़ा फेरबदल किया है। सीओ सिटी अनीता चौहान को सीओ कार्यालय से संबद्ध किया गया है, जबकि सीओ कार्यालय में तैनात जितेंद्र शर्मा को सीओ क्राइम की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं सीओ क्राइम रहे दीपक चतुर्वेदी को अब हापुड़ का नया सीओ सिटी बनाया गया है।
इसके साथ ही थाना प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। कपूरपुर थाने के प्रभारी सुरेश कुमार को कोतवाली नगर का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है, जबकि मीडिया सेल में तैनात उपनिरीक्षक अशोक कुमार सिंह को कपूरपुर थाने की कमान सौंपी गई है।
पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है। सभी अधिकारियों को अपने अपने क्षेत्र में प्रभावी गश्त और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।


