Hapur News : हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र के बदनौली गांव में चार सितंबर को हुई मारपीट, फायरिंग और पथराव की घटना के बाद मंगलवार शाम सियासी माहौल गरमा गया। समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ पीड़ित परिवार से मिलने के लिए गांव पहुंचे थे। लेकिन मौके पर पहले से तैनात भारी पुलिस बल ने उन्हें गांव के बाहर लगी बैरिकेडिंग पर ही रोक दिया। इस दौरान गांव में प्रवेश को लेकर सांसद और पुलिस अधिकारियों के बीच काफी देर तक बहस भी होती रही।
गांव के अंदर नहीं जाने दिया गया तो पुलिस ने मृतक दीपक उर्फ गोलू के पिता, भाई और अन्य परिजनों को बैरिकेडिंग के पास बुला लिया। यहीं पर सांसद ने परिजनों से मुलाकात की, उन्हें ढांढस बंधाया और हर तरह की मदद का भरोसा दिया। परिजनों से करीब डेढ़ घंटे तक बातचीत करने के बाद सपा का प्रतिनिधिमंडल वहां से लौट गया।
इस दौरान रामजी लाल सुमन ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से पीड़ित परिवार को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता के रूप में नकद राशि सौंपी। उन्होंने इस मौके पर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा सरकार में अपराधियों के हौसले बढ़े हुए हैं और कानून व्यवस्था बिगड़ी हुई है। जनप्रतिनिधियों को इस तरह पीड़ित परिवार से मिलने से रोकना तानाशाही है। सरकार को पीड़ित परिवार की हर संभव मदद करनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि 2027 में समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ प्रदेश में सरकार बनाएगी।


