Hapur News : हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के गांधी बाजार में शनिवार सुबह बिजलीघर के पास एक मार्केट की छत पर 70 वर्षीय बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। छत पर शव पड़ा देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। मृतक की पहचान मोहल्ला गढ़ी निवासी महमूद अली के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर पर बाहर से किसी भी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने और किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई की और परिजन शव को अपने साथ ले गए। परिजनों ने बताया कि महमूद अली की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह अक्सर घर से बाहर चले जाते थे।
इस संबंध में सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि शव पर बाहरी चोट के कोई निशान नहीं हैं और परिजनों ने पोस्टमॉर्टम से इनकार किया है। पुलिस मामले में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है और मौत के कारणों की जांच की जा रही है।


