Hapur News : हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग किशोरी को ब्लैकमेल कर दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी बड़ी बेटी की शादी बाबूगढ़ क्षेत्र में हुई है। उनकी 17 साल की छोटी बेटी अपनी बड़ी बहन के साथ खेत में मटर तोड़ने का काम करती थी। आरोप है कि इसी दौरान जब किशोरी खेत में गई तो गांव के ही कासिफ नाम के युवक ने उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें खींच ली।
आरोप है कि आरोपी ने तस्वीर वायरल करने की धमकी देकर किशोरी को डराया और उसके साथ जबरदस्ती की। इसके बाद उसने वह फोटो अपने दोस्त महताब को भेज दी। शिकायत में बताया गया है कि महताब ने भी किशोरी को अपने फार्म हाउस पर बुलाकर धमकाते हुए उसके साथ जबरदस्ती की।
तहरीर में यह भी बताया गया है कि 12 सितंबर को आरोपी कासिफ ने फोन कर किशोरी को रेलवे रोड पर बुलाया और एक होटल में ले जाकर फिर से वारदात को अंजाम दिया। 13 सितंबर को किशोरी ने अपनी मां को आपबीती बताई जिसके बाद परिजन थाने पहुंचे।
इस मामले में सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर कासिफ और महताब के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।





