Hapur News : हापुड़ के देहात थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की जान चली गई। गढ़ रोड पर स्थित बांस बल्ली के एक गोदाम में काम करते समय 35 वर्षीय मजदूर बिजली के तेज करंट की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलसे मजदूर को गोदाम मालिक और अन्य मजदूरों ने तुरंत पास के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान मोहल्ला रफीकनगर निवासी शौकीन उर्फ सोनू के रूप में हुई है। वह बुलंदशहर रोड क्षेत्र का रहने वाला था और काफी समय से उसी गोदाम में मजदूरी का काम करता था। बताया जा रहा है कि काम के दौरान अचानक वह बिजली के तार के संपर्क में आ गया। चीखने की आवाज सुनकर आसपास काम कर रहे लोग दौड़े और उसे बचाने की कोशिश की।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। शौकीन की मौत की सूचना पर परिवार में चीख पुकार मच गई। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा भी किया। जानकारी मिलने पर थाना देहात पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। शौकीन अपने पीछे पत्नी रानी, बेटी मुस्कान और बेटे साहिल को छोड़ गया है।
सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। अभी तक परिजनों की तरफ से थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।


