Hapur News : हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली रोड पर एक ई-रिक्शा चालक दवाओं से भरी पेटियां लेकर फरार हो गया। ई-रिक्शा में रखी दवाओं की कीमत 50 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज शुक्रवार को सामने आया है जिसमें चालक ई-रिक्शा चलाता हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि ई-रिक्शा पर नंबर प्लेट नहीं होने से उसकी पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार बुलंदशहर के गुलावठी स्थित बंधु मेडिकल एजेंसी में काम करने वाले आकाश अग्रवाल ने दोपहर करीब एक बजे एसएसवी डिग्री कॉलेज के पास एक ट्रांसपोर्ट कंपनी से पशुओं की दवाओं की पांच पेटियां ई-रिक्शा में लदवाई थीं। ये पेटियां शहर में ही लगभग एक किलोमीटर दूर दूसरी मेडिकल एजेंसी तक पहुंचानी थीं। आकाश बाइक से थोड़ा आगे निकल गए और इसी दौरान मौका पाकर ई-रिक्शा चालक दवाओं समेत गायब हो गया।
काफी देर तक इंतजार करने के बाद जब चालक नहीं लौटा तो कर्मचारी ने शहर भर में उसकी तलाश की। कोई जानकारी न मिलने पर उन्होंने मेडिकल एजेंसी के मालिक आशीष सिंघल और सिटी कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से फरार चालक का पता लगाने का प्रयास कर रही है।


