Greater Noida: यमुना में कार डूबने की झूठी सूचना देने वाला युवक गिरफ्तार, शराब के नशे में किया था पुलिस को गुमराह

Greater Noida: यमुना में कार डूबने की झूठी सूचना देने वाला युवक गिरफ्तार, शराब के नशे में किया था पुलिस को गुमराह

नोएडा। ग्रेटर नोएडा में एक युवक ने शराब के नशे में पुलिस को यमुना नदी में कार डूबने की झूठी सूचना देकर हड़कंप मचा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं, लेकिन जांच में मामला पूरी तरह फर्जी निकला। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार गुरुवार शाम मंझावली पुल के पास यमुना नदी में कार डूबने की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव अभियान के लिए एनडीआरएफ तथा एसडीआरएफ को भी अलर्ट कर दिया गया। मौके पर जांच के दौरान पता चला कि कोई कार नदी में नहीं डूबी थी। युवक की कार सड़क किनारे बने हल्के गड्ढे और कीचड़ में फंसी हुई थी।

पुलिस को कार के अंदर एक युवक अपनी महिला मित्र के साथ बैठा मिला। पूछताछ और जांच में सामने आया कि युवक शराब के नशे में था और उसने कार को कीचड़ से निकलवाने के लिए झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह किया। आरोपी की पहचान शिवकुमार निवासी ग्रेटर नोएडा के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि युवक अपनी महिला मित्र के साथ मंझावली पुल की ओर घूमने गया था। रास्ता कच्चा और कीचड़ भरा होने के कारण उसकी कार फंस गई। कार निकालने में असफल रहने पर उसने पुलिस को यमुना में कार डूबने की झूठी सूचना दे दी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ झूठी सूचना देने और शांति भंग करने के आरोप में कार्रवाई की गई है। उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की फर्जी सूचनाओं से आपातकालीन सेवाओं का समय और संसाधन दोनों बर्बाद होते हैं, जिससे वास्तविक जरूरतमंदों तक मदद पहुंचने में देरी हो सकती है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img